Haryana: राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर पहली बार गांव पहुंचे नवीन मलिक, हुआ भव्य स्वागत
आप नेता अशोक तंवर और जजपा जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया ने भी नवीन मलिक को बधाई दी। गांव में त्योहार जैसा माहौल रहा। राजकीय स्कूल में पहलवान नवीन मलिक के सम्मान में ग्रामीणों ने सामूहिक तौर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया।
विस्तार
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान नवीन मलिक रविवार को हरियाणा के सोनीपत जिले में अपने पैतृक गांव पुगथला पहुंचे। यहां उनका ढोल-ताशे और नाच-गाकर स्वागत किया गया। जीत के बाद पहली बार गांव पहुंचे नवीन मलिक को उत्साहित लोगों ने सिर आंखों पर बैठाया। इस दौरान गांव में त्योहार जैसा माहौल रहा। राजकीय स्कूल में पहलवान नवीन मलिक के सम्मान में ग्रामीणों ने सामूहिक तौर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। वहीं आप नेता एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर व जजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया ने भी नवीन मलिक व उनके प्रशिक्षक कुलदीप सिंह को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया।
आप नेता एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर पहलवान नवीन मलिक ने पुगथला गांव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष में परिजनों का पूरा सहयोग रहा, जिसकी वजह से वह देश-प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में देश में सबसे ज्यादा पदक जीत कर आए हैं। प्रदेश सरकार ने खेल नीति में बदलाव कर खिलाड़ियों के हित में काम नहीं किया। सरकार ने पदक लाओ पद पाओ की नीति को समाप्त कर दिया। सरकार को दोबारा खेल की नीति में बदलाव करना चाहिए, जिससे आगे खिलाड़ी और अधिक उत्साह के साथ खेलों की तैयारी करें। ओलंपिक खेलों में खिलाड़ी और अधिक पदक जीत कर भारत की झोली में डाल सकें।
पदम सिंह दहिया ने कहा कि पहलवान नवीन मलिक कठिन परिश्रम और देशवासियों की दुआओं से राष्ट्रमंडल खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे कठिन संघर्ष करें, क्योंकि दृढ़ निश्चय से किसी भी असंभव दिखने वाले लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस दौरान पहलवान नवीन मलिक के पिता धर्मपाल मलिक, माता गुणमति देवी, भाई सुनील मलिक, आप नेता अनिल भारद्वाज, राजेश कालीरमन, सरोज बाला के अलावा निवर्तमान सरपंच सुरेश कुमार, मुकेश शर्मा, रामनिवास, पुरूषोत्तम नंबरदार, कर्मबीर, रघबीर, तेजन, मंजीत, सुरेश कुमार, नरेश आदि मौजूद रहे।
गन्नौर से गांव तक जगह-जगह हुआ स्वागत
नवीन मलिक को ग्रामीण रविवार को गन्नौर से गांव तक जुलूस के रूप में नाचते-गाते हुए लेकर गए। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों ने नोटों व फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत करने के साथ ही आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।