सोनीपत। पंजाब कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी कुंडली धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह यहां आकर मानते हैं कि जिसने यह किसान आंदोलन नहीं देखा, उसने कुछ नहीं देखा। उन्होंने किसानों की मांग को वाजिब ठहराते हुए युवाओं को जोश के साथ होश से काम लेने की सलाह दी और सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह इस समस्या का तुरंत हल करे।
किसानों को समर्थन देने कुंडली बार्डर पहुंचे भारत सरकार में सचिव रहे स्वर्ण सिंह बोपोराई, पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव रोमेश इंदर सिंह, पूर्व आयुक्त कुलबीर सिंह सिद्धू और पूर्व उपायुक्त हरकेश सिंह सिद्धू ने कहा कि उन्हें लगा था कि यह आंदोलन हिंद व पंजाब के बीच है और इसका कोई बड़ा हल नहीं निकलेगा। लेकिन यहां आकर उन्होंने महसूस किया कि इस आंदोलन में जिस तरह से किसान उमड़े हुए हैं, वह किसी एक प्रदेश के नहीं, बल्कि पूरा भारत यहां जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह प्रशासनिक सेवा में लंबे समय तक रहे हैं, लेकिन ऐसा आंदोलन पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि अगर किसान इस आंदोलन में सफल रहते हैं तो यह इतिहास में दर्ज होगा। साथ ही उन्होंने युवाओं को नसीहत दी कि उनका काम केवल सेवाभाव व बुजुर्गों के निर्देश की पालना करना का है। वह अपने मन से फैसला न लें, ताकि लालकिले जैसी घटना दोहराई न जा सके। उन्होंने कहा कि यह आपसी मतभेद का समय नहीं है, बल्कि मिलकर लड़ने का समय है।