गन्नौर: पेट्रोल पंप संचालक से चाकू की नोक पर एक लाख रुपये और मोबाइल लूटा, तीन बाइक सवारों ने की वारदात
गांव शेखपुरा के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर कस्बे में गोहाना रोड पर गांव शेखपुरा के पास बाइक सवार तीन युवक पेट्रोल पंप संचालक को धक्का मारकर गिराने के बाद चाकू दिखाकर एक लाख 2 हजार की नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पेट्रोल पंप संचालक ने लूट की शिकायत थाना गन्नौर पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव शेखपुरा निवासी मानवेंद्र ने बताया कि उसने गन्नौर-गोहाना रोड पर स्टेडियम के पास मानवेंद्र ऑयल कंपनी के नाम से पेट्रोल पंप खोल रखा है। वह 28 जनवरी की रात बाइक पर पेट्रोल पंप से तेल बिक्री के एक लाख दो हजार रुपये लेकर शेखपुरा जा रहे थे।
जब वह स्टेडियम के साथ लगते रास्ते से गांव की तरफ कुछ दूरी पर पहुंचे तो पीछे से एक बाइक पर तीन युवक आए और उसे धक्का दे दिया। इससे वह सड़क किनारे गिर गया। तीनों युवक उसके पास आए और चाकू दिखाकर एक लाख दो हजार रुपये व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। थाना गन्नौर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पेट्रोल पंप संचालक को धक्का मारकर गिराने के बाद नकदी व मोबाइल लूटने की शिकायत मिली है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने के लिए गन्नौर थाने की टीमों के साथ ही सीआईए की टीम भी लगी हुई है। जल्द बदमाशों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। - इंस्पेक्टर धीरज कुमार, थाना प्रभारी, गन्नौर