खूनी संघर्ष : जमीन विवाद में भिड़े यूपी-हरियाणा के किसान, फायरिंग में एक की जान गई
यमुना क्षेत्र में हरियाणा और यूपी के किसानों के बीच करीब पांच दशक से सीमा-विवाद चल रहा था। सोनीपत के खुर्मपुर और बागपत के नंगला बहलोलपुर के ग्रामीणों के बीच भी करीब 250 एकड़ जमीन को लेकर विवाद है।
विस्तार
हरियाणा-उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच जमीन के विवाद में चल रहे खूनी संघर्ष में शुक्रवार सुबह यूपी के नंगला बहलोलपुर गांव के किसान की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर खुर्मपुर गांव के भाजपा जिला पार्षद नंदकिशोर चौहान समेत 17 लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, पुलिस ने मामले में आरोपी जिला पार्षद नंद किशोर और उसके चचेरे भाई मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने मौके से दो ट्रैक्टर भी कब्जे में लिए हैं, जिन पर बुलेट प्रूफ केबिन बने हैं। उन पर गोली मारने के साथ अन्य किसानों को ट्रैक्टर से कुचलने के प्रयास का आरोप लगा है।
यूपी के जिला बागपत के गावं नंगला बहलोलपुर निवासी मुकेश ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उनकी यमुना पार सोनीपत क्षेत्र के गांव खुर्मपुर के पास जमीन है। उस जमीन पर खुर्मपुर का नंदकिशोर व अन्य अपना हक जताते हैं। उस जमीन पर उन्होंने गेहूं व सरसों की फसल उगा रखी है। उन्होंने फसल काटने के लिए सोनीपत डीसी को गुहार लगाई थी और उनसे जांच कराने के बाद 30 एकड़ फसल काटने के आदेश कर दिए गए थे।
गुरुवार को पुलिस सुरक्षा में उन्होंने गेहूं की करीब 25 एकड़ फसल की कटाई की थी, जिसे लेकर नंद किशोर व अन्य ग्रामीण उनसे रंजिश रखे थे। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने भाई अनिल कुमार (38) और गांव के कई किसानों के साथ अपनी सरसों की फसल उठाने आए थे। इस दौरान खुर्मपुर के नंदकिशोर चौहान, उसके भाई राजकुमार, चचेरे भाई मनोज व अन्य ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि उन्हें ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया गया। आरोपी बुलेट प्रूफ ट्रैक्टर लेकर आए थे। इस दौरान नंदकिशोर चौहान ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसका भाई अनिल घायल हो गया, उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुंडली थाना पुलिस ने मुकेश के बयान पर नंदकिशोर चौहान, उसके भाई राजकुमार चौहान, मनोज, सतीश, बबलू, अमित, सुधन, देवेंद्र, रामगोपाल, अमित, धर्मजीत व 5 अन्य के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्जकर लिया है।
254 एकड़ जमीन का चल रहा विवाद
हरियाणा के खुर्मपुर व यूपी के नंगला बहलालपुर गांव के किसानों के बीच तीस साल से ज्यादा समय से 254 एकड़ जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। खुर्मपुर गांव के किसान मनोज व धर्मेंद्र पर वर्ष 2020 में यूपी के नंगला बहलालपुर गांव के किसानों ने गोलियां चलाई थी। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज है। इसके बाद कई बार झगड़ा हो चुका है। डीसी के आदेश पर गुरुवार को राई के उप तहसीलदार सतीश कुमार, गिरदावर यशपाल की टीम पुलिस सुरक्षा में करीब 25 एकड़ जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल की कटाई कराई थी।
खुर्मपुर की महिलाओं ने यूपी के किसानों पर लगाया फायरिंग का आरोप
गांव खुर्मपुर की महिलाओं ने यूपी के किसानों पर उनके ट्रैक्टरों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। उनका आरोप था कि वह परिजनों के साथ अपनी फसल काटने गई थी। इस दौरान यूपी के किसानों ने उनके ट्रैक्टरों पर फायरिंग कर दी। जिस पर वह लौट आई थीं। महिलाओं ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सीमा पर जमीन के विवाद में हुए झगड़े में यूपी के नंगला बहलोलपुर के किसान अनिल की गोली लगने से मौत हुई है। इस मामले में नंदकिशोर चौहान व मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा। - रवि कुमार, एसएचओ, थाना कुंडली।