{"_id":"62950c54b21da1186961f075","slug":"farmer-commits-suicide-in-sonipat-of-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"सोनीपत: आढ़तियों ने रुपये देने का दबाव बनाया तो किसान ने दी जान, दो पर मुकदमा दर्ज","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
सोनीपत: आढ़तियों ने रुपये देने का दबाव बनाया तो किसान ने दी जान, दो पर मुकदमा दर्ज
Mon, 30 May 2022 11:56 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 30 May 2022 11:56 PM IST
सार
किसान के पास सुसाइड नोट मिला। किसान के भाई की शिकायत पर सदर थाना गोहाना पुलिस ने दो आढ़तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : Social Media
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में गांव न्यात में एक किसान ने अपने खेत में जाकर जामुन के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि किसान आढ़तियों की तरफ से रुपये देने का दबाव बनाने से परेशान था। किसान के पास से सुसाइड नोट मिला है।
विज्ञापन
गांव न्यात निवासी सतपाल ने पुलिस को बताया कि उसका भाई दिलबाग सिंह किसान था। उसकी दो बेटियां व एक बेटा है। दिलबाग रविवार को घर खाना खाकर खेत में धान की पौध में सिंचाई करने के लिए गया था। वह उसके बाद नहीं लौटा। सतपाल सोमवार को खेत की तरफ जा रहा था। रास्ते में उसे एक किसान के खेत में कमरे के निकट जामुन के पेड़ पर एक व्यक्ति फंदे पर लटका दिखाई दिया।
विज्ञापन
सतपाल ने पास जाकर देखा तो उसका भाई दिलबाग पेड़ पर परने से लटका हुआ था। सतपाल ने परिजनों को मौके पर बुलाया और दिलबाग को पेड़ से उतारा। उसके कुर्ते की ऊपर वाली जेब में कागज मिला। उस पर लिखा था कि मैं दिलबाग आढ़ती कुलदीप और राजबीर के पैसों के दबाव में आत्महत्या कर रहा हूं।
विज्ञापन
परिजन दिलबाग को अस्पताल लेकर गए तो वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना गोहाना की पुलिस ने शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। सतपाल ने आरोप लगाया कि उसके भाई ने आढ़ती कुलदीप और राजबीर द्वारा रुपये मांगने के दबाव के चलते आत्महत्या की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।