Sonipat: बेल्जियम के यात्री का लैपटॉप, मोबाइल व कैमरा ले भागा ऑटो चालक, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
यात्री भारत भ्रमण पर आए हुए हैं। उनको दिल्ली में आकर पता चला कि सोनीपत महाभारत कालीन नगरी है। वहां पर महाभारत से जुड़े साक्ष्य विद्यमान हैं। उनको देखने की उत्सुकता में वह शनिवार को सोनीपत आ गए।
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में भारत भ्रमण पर आए बेल्जियम के यात्री का लैपटॉप, मोबाइल और कैमरा लेकर ऑटो चालक भाग गया। वह बस अड्डे से ऑटो में सवार थे। इस दौरान ऑटो चालक व उसके साथियों ने यात्री को उलझाकर नीचे उतार दिया और भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो की तलाश शुरू कर दी है।
बेल्जियम के नामुर शहर के रहने वाले सबी डिसिल्वा ने बताया कि वह भारत भ्रमण पर आए हुए हैं। उनको दिल्ली में आकर पता चला कि सोनीपत महाभारत कालीन नगरी है। वहां पर महाभारत से जुड़े साक्ष्य विद्यमान हैं। उनको देखने की उत्सुकता में वह शनिवार को सोनीपत आ गए। बस अड्डे के बाहर से वह ऐतिहासिक किला देखने के लिए ऑटो में सवार हो गए।
यह भी पढ़ें : Accident in Jind: दो बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत, तीन घायल, नील गाय आगे आने से हुआ हादसा
उस समय ऑटो में तीन-चार व्यक्ति और बैठे थे। वह भी ऑटो में अपना बैग रखकर पीछे बैठ गए। सबी डिसिल्वा ने बताया कि ऑटो में बैठे युवक और उसका चालक कुछ कह रहे थे और उनको नीचे उतरने का इशारा किया। जैसे ही वह नीचे उतरे, चालक व अन्य लोग ऑटो लेकर भाग गए। उनका बैग भी वह अपने साथ लेकर भाग गए। उनके बैग में एक लैपटॉप, मोबाइल और डीएसएलआर कैमरा था। उनका कैमरा ही सात हजार यूरो का था।
बेल्जियम के रहने वाले सबी डिसिल्वा की शिकायत पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। -इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, थाना सिविल लाइन