फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   Board exam: The game of copying started on the first day, all claims failed

बोर्ड परीक्षा : पहले दिन चला नकल का खेल, सभी दावे फेल

Thu, 31 Mar 2022 12:33 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Thu, 31 Mar 2022 12:33 AM IST
विज्ञापन
Board exam: The game of copying started on the first day, all claims failed
गीता भवन स्थित जीवीएम स्कूल का गेट बंद होने के कारण सड़क पर लगी विद्यार्थियों की भीड़। संवाद - फोटो : Sonipat
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार को शुरू हो गई। परीक्षा से पहले शिक्षा अधिकारियों ने नकल रोकने के व्यापक प्रबंध करने के दावे किए थे, लेकिन मातृभाषा के पेपर में भी विद्यार्थी नकल करने से नहीं चुके। पहले दिन जिले में बनाए गए 82 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा के करीब 17 हजार विद्यार्थियों ने हिंदी विषय का पेपर दिया। परीक्षा केंद्र के अंदर विद्यार्थियों की तो बाहर नकल रोकने के लिए पुलिस कर्मचारियों की परीक्षा हुई। नकल रोकने के लिए गठित टीमों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिले में नकल करते 21 विद्यार्थियों को पकड़ा और यूएमसी बनाई।
विज्ञापन

बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की गई है। इसके बावजूद युवा परीक्षा केंद्रों के पास टहलते रहे, ताकि मौका मिलते ही पर्चियां खिड़कियों के रास्ते अंदर पहुंचाई जा सके। परीक्षा केंद्रों के अंदर ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मियों व बाहर राउंड लगा रही पीसीआर ने युवाओं को अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया। पुलिस ने नकल रोकने के लिए ढाई घंटे की परीक्षा में जमकर पसीना बहाया। इस दौरान पर्चियां फेंकने की फिराक में घूम रहे युवाओं को दूर तक दौड़ाया। हालांकि कई परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के निकलते ही युवाओं ने पर्चियां फेंकी। शिक्षा अधिकारियों की मानें तो पहले दिन बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है। दोपहर 12.30 शुरू हुई परीक्षा 3.00 बजे तक चली। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों के चेहरे खिले हुए थे। कुछ विद्यार्थियों ने पेपर को मुश्किल तो कुछ ने तैयारी के अनुसार आसान बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि दो साल बाद ऑफलाइन हुई परीक्षा को लेकर थोड़ा चिंतित थे, लेकिन निर्धारित समय में पेपर पूरा कर दिया।
विज्ञापन

पहले ही दिन दिखी अव्यवस्थाएं
बोर्ड परीक्षाओं के पहले ही दिन कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था नजर आई। शिक्षा अधिकारियों ने सभी परीक्षार्थियों को दोपहर 12:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए थे। गीता भवन चौक स्थित जीवीएम स्कूल मेें दोपहर 12:30 बजे तक विद्यार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचते रहे। जो विद्यार्थी 12 बजे से पहले पहुंच गए थे, उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। दोपहर 12 बजे तक विद्यार्थी बाहर धूप में ही द्वार खुलने का इंतजार करते रहे। यही नहीं सीटिंग प्लान (बैठने की योजना) भी अलग-अलग जगह लगाया गया था। जिससे विद्यार्थियों को कमरे ढूंढने में परेशानी हुई। यहां बनाए गए दो केंद्र बी-1 और बी-2 को चिह्नित नहीं करने पर विद्यार्थी असमंजस में रहे। कमरों के अंदर बोर्ड पर रोल नंबर तक अंकित नहीं थे। 12 बजे के बाद ही जिन अध्यापकों की ड्यूटियां लगी थी, वे आनन-फानन में रोल नंबर लिखने व विद्यार्थियों को बैठाते नजर आए। एक कमरे में बोर्ड न होने के कारण अध्यापिका को दरवाजे पर सीटिंग प्लान लिखना पड़ा। विद्यार्थियों ने टाट-पट्टियों पर बैठकर परीक्षा दी। कई अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी यही हाल नजर आया।
विज्ञापन
विज्ञापन

बनी रही जाम की स्थिति
शहर के व्यस्त चौक गीता भवन स्थित जीवीएम स्कूल के बाहर परीक्षा शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को हुजूम उमड़ा रहा। स्कूल का द्वार बंद होने के कारण विद्यार्थी दुकानों के सामने सड़क किनारे खड़े रहे। पार्किंग की सुविधा न होने के कारण साइकिल व बाइकों पर पहुंचे विद्यार्थियों को दुकानों के सामने ही वाहन खड़े करने पड़े। जिस कारण यहां जाम की स्थिति बनी रही। चौक पर तैनात यातायात पुलिस को व्यवस्था दुरुस्त करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

वर्जन
जिले में बुधवार से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन 12वीं कक्षा का पेपर था। जिले में बनाए गए 82 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा हुई। नकल रहित परीक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पहले दिन फ्लाइंग टीमों ने नकल के 21 मामले पकड़े हैं। वीरवार को 10वीं कक्षा का सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा।
- बिजेंद्र नरवाल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed