बरोदा उपचुनाव: भाजपा के 25 नेताओं ने किया टिकट का आवेदन, दो दिन बाद प्रत्याशी की घोषणा
बरोदा उपचुनाव में टिकट लेने के लिए भाजपा के 25 नेताओं ने आवेदन किया है तो जजपा से किसी का आवेदन नहीं आया है। दो दिन बाद भाजपा प्रत्याशी की घोषणा कर देगी। प्रत्याशी तय करने को लेकर ही शनिवार को भाजपा प्रदेश चुनाव कार्यसमिति की बैठक हुई। जिसमें सीएम मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, रतनलाल कटारिया, मंत्री जेपी दलाल, कंवरपाल गुज्जर, सांसद संजय भाटिया, रमेश कौशिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, संगठन मंत्री सुरेश भट्ठ, संजय जोशी, विधायक मोहनलाल बड़ौली आदि ने प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की। जहां समिति के सभी पदाधिकारियों ने सीएम मनोहर लाल व प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ को प्रत्याशियों का पैनल तय करके केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने के लिए अधिकृत कर दिया।
भाजपा जिला कार्यालय में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सबसे पहले जातीय से लेकर अन्य सभी आधार पर वोटों के गणित व 2014 के बाद हुए सभी चुनाव की स्थिति पर चर्चा हुई। जिसमें लोकसभा व विधानसभा चुनावों को शामिल किया गया कि किस प्रत्याशी को उतारने पर भाजपा को वोट मिलने की स्थिति कैसी रही है।
बरोदा हलके में भाजपा-जजपा गठबंधन की मौजूदा स्थिति क्या है और चुनाव को जीतने के लिए किस तरह का प्रत्याशी उतारे जाने के साथ ही रणनीति कैसी होनी चाहिए। प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने बताया कि बरोदा से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा के 25 नेताओं ने बायोडाटा देकर आवेदन किया हुआ है और उन सभी पर चर्चा की गई। उन पर बरोदा हलके से फीडबैक लिया गया है तो उनकी अपने क्षेत्र में कैसी स्थिति है, वह भी देखा जा रहा है।