हरियाणा : पत्नी को सब्जी काटने वाला चाकू से काटा, फिर आग लगाकर की जान देने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनीपत की एक कॉलोनी में एक व्यक्ति ने पत्नी की छाती व पेट पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। उसने खुद की गर्दन पर भी वार कर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। सुबह बेटे ने आग लगी देख शोर मचाया तो पड़ोसियों ने आग पर काबू पाकर व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
मृतका की मां के बयान पर पुलिस ने महिला के पति, जेठ, जेठ के लड़के व ननदोई पर हत्या का केस दर्जकर लिया है। आरोप है कि जमीन की बिजाई करने के बाद जेठ उन्हें उगाही के पैसे नहीं देता था। जिसके चलते कहासुनी होती थी।
उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के एक गांव का रहने वाला व्यक्ति यहां ट्रक चालक है। वह करीब छह माह पहले दिल्ली से पत्नी, दो बेटियों व बेटे के साथ यहां आया था। गुरुवार सुबह बेटे के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने यहां व्यक्ति को आग की लपटों से घिरा देखा और आग पर काबू पाया। उसे 80 फीसदी जली हालत में अस्पताल पहुंचाया। वहीं घर के अंदर ही पत्नी का लहूलुहान शव मिला। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलने पर दिल्ली से सोनीपत पहुंचे महिला के मायका पक्ष के लोगों ने व्यक्ति पर भाई, बहनोई व भतीजे के साथ मिलकर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला की मां ने पुलिस को बताया है कि उसके दामाद, उसके भाई, बहनोई व भतीजे ने मिलकर उनकी बेटी की छाती व पेट के पास चाकू मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद तीनों भाग गए। जबकि उसके दामाद ने कार्रवाई से बचने के लिए खुद पर हमला कर आग लगा ली।
पुलिस ने चारों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जमीन की उगाही के पैसे को लेकर यह विवाद बताया जा रहा है। वहीं मृतक महिला की बेटी ने अपने ताऊ व अन्य पर अपनी मां के साथ गलत कार्य किए जाने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। चौकी प्रभारी रामकुंवार ने बताया कि मृतक महिला की मां की शिकायत पर चार लोगों पर केस दर्जकर लिया है।
जमीन पर बिजाई के बदले उगाही के पैसे नहीं देने से होता था विवाद
महिला की मां ने पुलिस को बताया कि उसका दामाद बच्चों के साथ गांव में नहीं रहता था। जिसके चलते उसके दामाद के हिस्से की जमीन पर उसकी बेटी का जेठ ही फसल उगाता था। उसके बावजूद वह उगाही के रूप में पैसे नहीं देता था। जिस पर उसकी बेटी जमीन बिजाई के लिए देने से मना करती थी। इसे लेकर वह बेटी से चिढ़ता था।
दंपती के पास चार बच्चे, बड़ी बेटी की हो चुकी है शादी
दंपती के चार बच्चे हैं। जिसमें बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। उससे छोटी बेटियां दिल्ली में ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। छोटा बेटा सोनीपत में अपने माता-पिता के साथ रहता है और चौथी कक्षा में पढ़ता है। आरोपी पति पहले पत्नी व बच्चों के साथ दिल्ली में ही रहता था और छह माह से ही सोनीपत रहने आया है।
बेटे ने कहा रात को दूध पिलाकर सुलाया, सुबह आग लगी मिली
बेटे ने बताया कि रात को उसकी मां ने उसे दूध पिलाकर सुला दिया था। उसके बाद उसका ताऊ, ताऊ का बेटा व फूफा आए थे। सुबह वह लघुशंका के लिए उठा तो कमरे में आग लगी थी और उसकी मां मृत पड़ी थी। उसके पिता आग से झुलसे थे। उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया।
बेटी ने लगाए ताऊ व अन्य पर गंभीर आरोप
कॉलोनी में महिला की बेटी ने अपने ताऊ व अन्य पर अपनी मां के साथ गलत कार्य किए जाने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि इस बारे में पुलिस कोई शिकायत नहीं दी गई है। न ही पुलिस के सामने इस बारे में जानकारी दी गई है।
महिला की मां के बयान दर्जकर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला की मां ने बेटी के पति, जेठ, जेठ के बेटे व ननदोई पर हत्या का आरोप लगाया है। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। व्यक्ति बयान देने की स्थिति में नहीं है। जहां तक बेटी के गलत कार्य संबंधी आरोप की बात है तो यदि ऐसी कोई शिकायत मिलती है तो तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - रामकुंवार, चौकी प्रभारी, गोहाना रोड, सोनीपत।