{"_id":"6a27cf20d38a5e4819067355","slug":"youth-stabbed-to-death-in-sirsa-dispute-over-talking-to-a-girl-turns-deadly-2026-06-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: सिरसा में युवक की चाकू से वार कर हत्या, खूनी खेल में बदला लड़की से बात करने का विवाद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: सिरसा में युवक की चाकू से वार कर हत्या, खूनी खेल में बदला लड़की से बात करने का विवाद
Tue, 09 Jun 2026 02:00 PM IST
Naveen
संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Tue, 09 Jun 2026 02:00 PM IST
सार
संदीप के स्वजनों ने दावा किया है कि अस्पताल में उपचार के दौरान संदीप ने हमलावरों के नाम बताए थे। उन्होंने उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसमें वह एक युवती का नाम लेते हुए उसके भाई पर हमला करने का आरोप लगा रहा है।
विज्ञापन
बाएं मृतक संदीप कुमार और दाएं पोस्टमार्टम की कार्रवाई करती हुई पुलिस
- फोटो : संवाद
विस्तार
एक युवती से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद युवक की जान पर भारी पड़ गया। वार्ड 29 के संजय कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय संदीप कुमार की चाकू से हमले के बाद मौत हो गई। मामले में परिजनों ने युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। संदीप क्रोकरी की दुकान पर काम करता था और परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार सोमवार रात उसे फोन कर बुलाया गया था। इसके बाद वह घर से निकला, लेकिन कुछ देर बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
स्वजनों का आरोप, लड़की के भाई ने की हत्या, रिकॉर्ड किया वीडियो
संदीप के स्वजनों ने दावा किया है कि अस्पताल में उपचार के दौरान संदीप ने हमलावरों के नाम बताए थे। उन्होंने उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसमें वह एक युवती का नाम लेते हुए उसके भाई पर हमला करने का आरोप लगा रहा है। अब यह वीडियो जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है। परिवार का कहना है कि संदीप और युवती के बीच लंबे समय से बातचीत होती थी। दोनों की वॉट्सएप चैट भी मिली है। कुछ दिन पहले युवती के परिजन संदीप के घर पहुंचे थे और उसे समझाने का प्रयास किया था। इसके बाद मामला शांत प्रतीत हो रहा था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।
विज्ञापन
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
रात करीब 10 बजे संदीप दुर्गा माता मंदिर चौक की तरफ गया था। वहीं दो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। पीठ, हाथ और पेट पर कई वार किए गए। हमलावर उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल और शवगृह के बाहर परिवार का दर्द साफ दिखाई दिया। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर हमला किया गया। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
पुलिस कई पहलुओं पर कर रही जांच
सिटी थाना पुलिस से एसएचओ बलराज सिंह ने बताया प्रारंभिक जांच में युवकों के बीच विवाद की बात सामने आई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल चैट, वीडियो तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।