सिरसा। गांधी कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला और एक चार माह के बच्चे की मौत होने मामले को लेकर सामाजिक संस्थाएं व मृतका के परिजन वीरवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इंसाफ की मांग लेकर पहुंचे। मृतका अनु की मां पुष्पा ने बताया कि उसकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है उसकी हत्या की गई है।
मृतका की मां ने बताया कि बेटी ने एक साल पहले शशांक जैन के साथ प्रेम विवाह किया था। पहले तो दोनों परिवारों के लोग शादी से नाखुश थे लेकिन बाद में सबने सहमति जताई थी। अनु का पति, जेठ- जेठानी व सास बेटी को गरीब परिवार से होने के चलते परेशान करते थे। पहले तो बेटी ने कुछ नहीं बताया लेकिन जब बात हद से ज्यादा बढ़ने लगी तो बेटी ने मायके पक्ष को बताना शुरू किया कि दहेज को लेकर उसके ससुराल वाले उसे परेशान करते है और उसके साथ मारपीट करते है। मृतका की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर नाखुश होते हुए कहा कि पुलिस को पति शशांक जैन के साथ वंश जैन, मां नीना जैन, व पति शशांक की प्रेमिका का नाम भी लिखवाया था लेकिन पुलिस ने शशांक का ही नाम लिखकर इस मामले में सिर्फ एक धारा लगाकर आत्महत्या बनाने की कोशिश की है। वहीं मृतका के जीजा कपिल मेहता ने कहा कि शादी से एक साल बाद पति शशांक ने अनु को बहुत परेशान किया हर तरफ से उसे प्रताड़ित किया ताकि अनु खुद ही तलाक ले ले। लेकिन अनु के ऐसा न करने पर उसे व उसके पांच माह के बच्चे को मार दिया और आत्महत्या का नाम दे दिया।