Blast In Sirsa: पुलिस ने छह घंटे में गिरफ्तार किए पांच आरोपी, एसपी बोले- जांच के लिए एसआईटी गठित
सिरसा के रानियां में महिला थाने के बाहर हुए ब्लास्ट मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले की जांच करने के लिए एनआईए की टीम भी सिरसा पहुंची है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिरसा शहर के महिला थाने पर मंगलवार रात हुए विस्फोटक हमले के बाद पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार शाम पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने पत्रकारवार्ता में हमले को दहशतगर्दों की कायराना हरकत बताया। साथ ही आतंकी घटना होने से इनकार नहीं किया है। विदेशी कनेक्शन की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में कुछ पुख्ता सबूत मिले हैं। विस्फोटक वस्तु की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीन युवक बाइक पर आए थे। एक युवक बाइक पर बैठा था, दूसरे ने विस्फोटक फेंका, जबकि तीसरे युवक ने मोबाइल में वीडियो बनाया था। उन्होंने बताया कि विस्फोट करने के बाद भागे तीन युवकों व इनके दो साथियों को पुलिस ने बुधवार रात को ही गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार को आरोपी खारिया गांव निवासी संदीप, विकास, धीरज, विकास और सिरसा शहर के रहने वाले अन्य युवक के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें सात दिन के रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, आईपीएस फैसल खान के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। सिरसा पुलिस की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी एनआईए की टीम सिरसा भेजने का आग्रह किया है।
फॉरेंसिक टीम को मौके से मेंटल के भारी तत्व मिले
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि बुधवार को सोशल मीडिया पर सिरसा महिला थाने पर विस्फोटक हमले का वीडियो सिरसा सुरक्षा एजेंसियों ने देखा था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत प्रभाव से मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अहम सबूत जुटाए। जांच टीम को मौके से मेटल के भारी तत्व मिले हैं।
थाने से 30 मीटर दूरी से फेंका था विस्फोटक
एसपी ने बताया कि जहां से विस्फोटक फेंका गया, वह जगह महिला थाने से 30 मीटर दूर है। विस्फोटक थाने की दीवार तक नहीं पहुंचा और वह तीन फीट पहले रेतीली जमीन पर जा गिरा। जहां धमाका हुआ आसपास की झाड़ियां उखड़ गईं। इस विस्फोटक की क्षमता ज्यादा नहीं थी। एसपी ने बताया कि जो धमाका हुआ है। वह गाड़ी के टायर फटने जैसा है।
पांचों युवकों में देश प्रेमी की कोई भावना नहीं : एसपी
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि विस्फोटक हमले में शामिल पांचों युवक ज्यादा पढ़े लिखे भी नहीं हैं। तीन युवकों पर मारपीट के केस दर्ज हैं, जबकि एक नशे का आदी है। पुलिस ने पुख्ता सबूत जुटाए हैं, जिससे पता चलता है कि इन युवकों के संबंध आतंकी संगठन से हैं। एसपी ने बताया कि उन्होंने स्वयं सीआईए थाने में जाकर पूछताछ की। इसमें यह बात सामने आई कि पांचों युवकों में देश प्रेम की भावना नहीं है। ये हिंदुस्तान को अपना नहीं समझते। इसलिए इन युवकों ने ये कायराना हरकत करने की हिम्मत की है। ऐसा लगता है कि इनका ब्रेनवाश किया गया हो।
हमले के लिए मिली ऑनलाइन व नकद राशि
एसपी ने बताया कि इस हमले को अंजाम देने के लिए आरोपियों को ऑनलाइन व नकद रुपये दिए गए थे। इनकों कहा गया था कि पुलिस थाने में विस्फोटक से हमला करना है। इसके लिए इनको ट्रेनिंग भी दी गई। कई थानों की रेकी करने के बाद आरोपियों ने हमला करने के लिए महिला थाना को चुना। जांच में सामने आया कि पंजाब के तरनतारन से एक युवक उन्हें सोमवार को ही विस्फोटक देकर गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि महिला थाने का चयन इसलिए किया गया, क्योंकि इसके आसपास भागने के कई रास्ते हैं। थाने से कुछ दूरी पर बरनाला रोड है, यहां से पंजाब सीमा मात्र 12 किलोमीटर पर है। वहीं, दूसरी सड़क से सिरसा में कहीं पर भी जाया जा सकता है। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों ने महिला थाने पर विस्फोटक हमला करने के बाद 7-8 अन्य घटनाओं को अंजाम देना था। अगर ये आरोपी सिरसा की सीमा से बाहर चले जाते तो उनको पकड़ा काफी मुश्किल हो जाता। पुलिस जल्द ही इस मामले में एक और बड़ा खुलासा करेगी।
किराये के मकान में रहता था विस्फोटक फेंकने वाला युवक
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि विस्फोटक फेंकने वाला युवक सिरसा शहर में किराये के मकान पर रह रहा था। इस घटना के बाद सिरसा वासियों के लिए एक बार फिर से एडवाइजरी जारी की जाएगी कि बिना वेरिफिकेशन किसी को किराये पर मकान या कमरा न दें।
पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स व हरियाणा एसटीएफ भी कर रही कार्रवाई
एसपी के अनुसार सिरसा पुलिस, पंजाब व केंद्रीय जांच एजेंसी से तालमेल बैठाकर इस आतंकी घटना की तह तक पहुंचेगी। सिरसा पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि हमने 24 घंटे में इस घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स व हरियाणा एसटीएफ भी अपनी कार्रवाई कर रही हैं। अहम सूचनाओं का आदान प्रदान आपस में किया जा रहा है।
तरनतारन का युवक देने आता था हथियार
सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने अपने कई हथियार छुपाए हुए हैं। ये हथियार बरामद करने के लिए एसटीएफ की टीम जुटी हुई है। ये भी पता चला है कि पंजाब के तरनतारन से एक शख्स इनको हथियार व विस्फोटक देने आता था।
थाने की सुरक्षा के लिए संतरी चला सकेगा गोली
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस थानों सहित जिलेभर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी पुलिस थानों पर अब 24 घंटे आधुनिक हथियार से लैस होकर संतरी ड्यूटी पर तैनात रहेगा। रात के समय थाने के आसपास कोई संदिग्ध दिखा तो संतरी तुरंत अपने हिसाब से एक्शन लेगा। थाने की सुरक्षा के लिए संतरी को गोली चलाने का अधिकार भी है।