गत दिन गांव देसूमलकाना के ग्रामीणों की ओर से कालांवाली थाने के समक्ष धरना लगाने के दौरान थाना प्रभारी वजीर सिंह ने ग्रामीणों को 24 घंटे में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। लेकिन रविवार सुबह तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने की बात कहते हुए गांव देसूमलकाना के ग्रामीणों ने रविवार दोपहर को दोबारा धरना प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की। धरने दौरान हलका विधायक बलकौर सिंह व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शीशपाल केहरवाला और नायब तहसीलदार रण सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की बात सुनी और थाना प्रभारी वजीर सिंह से मिलकर ग्रामीणों को शांत करवाकर 15 मिनट में धरना समाप्त करवा दिया।
धरने दौरान सरपंच प्रतिनिधि बिंदर सिंह, पूर्व पंच पाला सिंह, कमेटी प्रधान जसदीप सिंह, हरविंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह, जसविंद्र भुल्लर, सेवक सिंह, गोरा सिंह, कल्ला सिंह, मनप्रीत सिंह, जगदीप सिंह, गुरविंद्र सिंह ने बताया कि उनके गांव में पंजाब के कई युवक आकर नशे सप्लाई करने का कारोबार करते हैं। ग्रामीणों की ओर से जब उन युवकों को नशे का कारोबार बंद करने की अपील की तो उन युवकों की ओर से ग्रामीणों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया जाता है और फोन पर गाली-गलौच कर धमकियां दी जाती है। जब इस संबंध में जब पुलिस से सहयोग मांगा जाता है तो उनकी ओर से नशा तस्करों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने बताया कि गत दिन भी उन्होंने थाने के समक्ष धरना लगाया था। इस दौरान थाना प्रभारी वजीर सिंह ने 24 घंटे में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिस पर हलका विधायक बलकौर सिंह व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शीशपाल केहरवाला ने ग्रामीणों को साथ लेकर थाना प्रभारी वजीर सिंह से बातचीत की और कार्रवाई करवाने का आश्वासन देकर मामले को शांत करवाया। इसके बाद थाना प्रभारी वजीर सिंह की ओर से उसी दिन से ही कार्रवाई शुरू करने और आरोपियों पर मामला दर्ज करने की बात पर धरने को समाप्त कर दिया गया।