सिरसा। आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रदेश सहप्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता लघु सचिवालय में प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन के धरने पर पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार व सिरसा अध्यक्ष हंसराज सामा मौजूद रहे। इस दौरान प्रॉपटी डीलर एसोसिएशन के प्रधान रामू हिसारिया के साथ-साथ एसोसिएशन के सदस्यों राम चौहान, मनोज शर्मा, प्रदीप सचदेवा, भजन लाल, रोहित वधवा, विक्की बजाज ने सांसद सुशील गुप्ता को अपनी मांगों का लेकर ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन ने अपनी मांगों ओर समस्याओं के संदर्भ में आरोप लगाते हुए कहा कि रजिस्ट्री के पंजीकरण को नगर परिषद के पोर्टल से जोड़ दिया गया है, जिसके तहत प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के लिए नगर परिषद से प्रॉपर्टी आईडी जारी की जाती है। लेकिन प्रॉपर्टी आईडी लेने की औपचारिकताएं बहुत जटिल है तथा लोग मजबूर होकर व रिश्वत देकर प्रॉपर्टी आईडी अलॉट करवा रहे हैं। नगर परिषद से प्रॉपर्टी आईडी लेने के बाद भी तहसील अधिकारी प्रॉपर्टी पंजीकरण के दस्तावेजों में कमियां निकालकर रिश्वत ले रहे हैं। इसके अलावा शहर की वैध कॉलोनियों की रजिस्ट्री ने प्रशासन ने बंद की हुई है। सरकार द्वारा काटे हुए ए, बी व सी ब्लॉक की रजिस्ट्री का पंजीकरण भी बिना किसी कारण के बंद है। सांसद सुशील गुप्ता ने आरोप कहा कि प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन कार्य को नगर परिषद के अधीन करके भाजपा-जजपा सरकार ने रिश्वत वसूली के नए रास्ते खोले है तथा औपचारिकताओं को जटिल बनाकर लोगों को परेशान करके रिश्वत देने के लिए मजबूर किया जा रहा है।