हवाला नेटवर्क: एनआईए ने रणजीत और गुरमीत के घर को खंगाला, पांच एटीएम कार्ड व दो मोबाइल जब्त
आतंकी संगठनों से जुड़कर हवाला कारोबार में लिप्त रहने के आरोपी रणजीत सिंह और उसे पनाह देने वाले गुरमीत के घर को एनआईए और सिरसा पुलिस की टीम ने शुक्रवार को खंगाला। टीम ने पंजाब में 532 किलो हेरोइन तस्करी के आरोपी रणजीत सिंह उर्फ चीता के बेगू रोड स्थित किराए के मकान की दो घंटे तक तलाशी ली।
एनआईए ने गुरमीत सिंह के घर से मिले दो मोबाइल और पांच एटीएम कार्ड को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही गुरमीत के घर की रजिस्ट्री के कागजात भी कब्जे में लिए। गुरमीत के बैंक अकाउंट और ट्रांजक्शन का रिकॉर्ड खंगालने के बाद एनआईए की टीम करीब चार बजे सिरसा से लौट गई।
बता दें कि सिरसा में बीती नौ मई को नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए), पंजाब और सिरसा पुलिस ने मोस्ट वांटेड हेरोइन तस्कर रणजीत सिंह व उसके भाई गगनदीप को बेगू रोड स्थित किराये के मकान से पकड़ा था। रंजीत सिंह अपने परिवार के साथ नौ महीने से सिरसा में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। सूत्रों के मुताबिक अब एनआईए यह जानने की कोशिश कर रही है कि चीता ने गुरमीत के जरिए हवाला के पैसे और उसके मोबाइल का इस्तेमाल तो नहीं किया। उसका दूर का रिश्तेदार साढू गुरमीत सिंह 9 मई को ही डेढ़ किलो चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार हुआ था।
एनआईए के एसपी तजेंद्र सिंह व इंस्पेक्टर संतोख सिंह के नेतृत्व में दो टीमें तीन गाड़ियों में सवार होकर सुबह सिरसा पहुंची। करीब दस बजे एसपी तजेंद्र सिंह ने बेगू रोड पर रणजीत सिंह व उसके भाई गगनदीप सिंह के सील किराए के मकान पर पहुंची। एनआईए के साथ सिरसा के डीएसपी आर्यन चौधरी व सदर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह भी साथ थे।
एनआईए की टीम ने रणजीत सिंह के घर के आंगन में खुदाई की, हालांकि खुदाई में कुछ नहीं मिला। इसके बाद टीम ने अलमारियों व अन्य कमरों की गहनता से तलाशी ली। करीब दो घंटे रहने के बाद एनआईए के एसपी वैदवाला गांव में रणजीत सिंह के रिश्तेदार गुरमीत सिंह के घर पर पहुंचे। एनआईए गुरमीत सिंह को अमृतसर में बुलाकर रणजीत के आमने सामने भी बैठाकर जांच कर चुकी है।
गुरमीत सिंह के घर से पांच एटीएम कार्ड, दो मोबाइल किए जब्त
एसपी के पहुंचने से पहले ही दूसरी टीम ने गुरमीत सिंह की पत्नी व उसकी मां से घर में पूछताछ करनी शुरू कर दी थी। टीम ने गुरमीत सिंह के मकान की रजिस्ट्री के कागज अपने कब्जे में लिए। साथ ही जांच के दौरान घर से एक बैंक खाते में एक लाख रुपये जमा होने की रसीद भी प्राप्त की। टीम ने घर से दो मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिए। साथ ही पूरे परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड और राशन कार्ड की डिटेल भी हासिल की।
एनआईए टीम ने घर से अलग अलग बैंक खातों के पांच एटीएम कार्ड भी सील करके अपने कब्जे में ले लिए। टीम ने करीब तीन घंटे तक गुरमीत सिंह की मां व उसकी पत्नी से पूछताछ की। एनआईए ने घर से पुरानी फोटो भी ली और मां व पत्नी से फोटो में मौजूद लोगों की जानकारियां हासिल की। टीम ने करीब डेढ़ बजे तक घर में कागजात व अन्य रिकॉर्ड खंगाला।
गांव के बैंक से जुटाई अकाउंट व ट्रांजेक्शन की जानकारी
एनआईए की टीम ने गांव स्थित एक प्राइवेट बैंक से भी कुछ जानकारियां जुटाई। सदर पुलिस के एएसआई ने बैंक से गुरमीत सिंह के अकाउंट और ट्रांजेक्शन की मौखिक जानकारी ली। बैंक अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि एनआईए को जो भी जानकारी चाहिए, वह लिखित में दें, तभी जानकारी दी जा सकती है।
ये था मामला
बीती नौ मई को सिरसा पुलिस, पंजाब पुलिस और एनआईए की टीम ने बेगू रोड पर पंजाब के दो तस्करों को काबू किया। गगनदीप और रणजीत उर्फ चीता निवासी अमृतसर, पंजाब के खिलाफ 532 किलोग्राम हेरोइन तस्करी के मामले में वांछित थे। दोनों आरोपी सगे भाई हैं और तरनतारन जिले के हैं। रंजीत ने अपने साडू गुरमीत सिंह निवासी वेदवाला की आईडी पर किराए का मकान लिया हुआ था। रणजीत और गगनदीप को पंजाब पुलिस अमृतसर ले गई, जबकि गुरमीत सिंह सिरसा जेल में बंद है।
सिरसा पुलिस व एनआईए की टीम ने संयुक्त जांच की है। यह जांच का हिस्सा है। रंजीत सिंह के रिश्तेदार के घर पर भी जांच की गई है। - अरुण नेहरा, एसपी सिरसा।