मिक्सोपैथी के विरोध में आईएमए का विरोध जारी है। मंगलवार शाम कैंडल मार्च निकालने के बाद आइएमए चिकित्सकों ने बुधवार सुबह क्रमिक भूख हड़ताल की। इस सिलसिले में आइएमए के उप प्रधान डॉ. आशीष खुराना व प्रवक्ता डॉ. अमित वासिल ने बताया कि आईएमए 14 फरवरी तक अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन कर रहा है।
इसी कड़ी में आइएमए डॉक्टरों ने बुधवार को सांगवान चौक पर स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के साथ क्रमिक भूख हड़ताल की। आईएमए चिकित्सकों ने कहा कि मिक्सोपैथी के बाद चिकित्सा को लेकर कई तरह के सवाल खड़े होंगे। हम आयुर्वेद के खिलाफ नहीं है, बल्कि मिक्सोपैथी के खिलाफ है। सरकार ने मिक्सोपैथी कानून के तहत आयुर्वेद चिकित्सकों को कुछ खास सर्जरी करने का अधिकार दे दिया है। आइएमए किसी पैथी के खिलाफ नहीं है। मिक्सोपैथी के रूप में आयुर्वेद चिकित्सकों को ऐसा अधिकार देना आम व्यक्ति के स्वास्थ्य से खिलवाड़ होगा। अब सरकार को यह समझना होगा। उन्होंने कहा कि आइएमए नुमाईंदों व सरकार के बीच इस मसले को लेकर बातचीत भी हो रही है, अगर सरकार नहीं मानती, तो इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर डॉ. सुभाष नरुला, डॉ. एलसी शर्मा, डॉ. एसपी शर्मा, डॉ. संतोष अग्रवाल, डॉ. रचना सांगवान आदि उपस्थित रहे।