फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sirsa News ›   Haryana Players living up to pitch of success on strength of enthusiasm, passion and passion

Haryana: जोश, जज्बा और जुनून के बल पर कामयाबी की पिच पर खरे उतर रहे खिलाड़ी, कामयाबी का झंडा शिखर पर फहराया

Mon, 28 Aug 2023 10:26 AM IST
नवीन दलाल संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा/भिवानी/हिसार (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा/भिवानी/हिसार (हरियाणा) Published by: नवीन दलाल Updated Mon, 28 Aug 2023 10:26 AM IST
सार

हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा विश्वभर में बना हुआ है। इस कड़ी में हिसार की महिला खिलाड़ी हॉकी स्टिक का जादू न केवल देश, बल्कि विदेश में दिखा रही हैं। इन्हीं बेटियों से प्रेरणा लेकर हाॅकी की नर्सरी में खिलाड़ियों की नई पौध तैयार हो रही हैं। 

विज्ञापन
Haryana Players living up to pitch of success on strength of enthusiasm, passion and passion
एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास करती खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिसार और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन कर हरियाणा का नाम खेल की दुनिया में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किया है। हॉकी, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स के विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने विदेशों में भारतीय टीम को जीत दिलाकर कामयाबी का झंडा शिखर पर फहराया है। जोश, जज्बा और जुनून के बल पर कामयाबी की पिच पर खिलाड़ी सभी के उम्मीदों पर खरे उतर रहे हैं। प्रस्तुत है हिसार, सिरसा और भिवानी के सफल खिलाड़ियों की एक रिपोर्ट।

विज्ञापन


पिछले करीब 11 साल से अपने ही गांव के खेल मैदान में कर रहा है हॉकी का अभ्यास
पूरे विश्व में नाम कमा चुकी सिरसा के जोधका गांव की महिला हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया के बाद अब संतनगर का राजेंद्र सिंह भी इसी राह पर चल पड़ा है। संतनगर का हॉकी खिलाड़ी राजेंद्र सिंह इंडिया हॉकी टीम में वर्ल्ड कप खेलने के लिए स्पेन गए हैं। सिरसा के जीवन नगर और संत नगर में हर एक घर में कोई एक खिलाड़ी है। इसी बात ने राजेंद्र सिंह को भी हिम्मत दी और प्रेरित किया। राजेंद्र सिंह ने 2012 में गांव के ही खिलाड़ियों से प्रेरित होकर खेलना शुरू किया, जिसके बाद आज वह इंटरनेशनल टूर्नामेंट तक पहुंच गए हैं। वहीं, इससे पहले भी राजेंद्र सिंह दो इंटरनेशनल गेम्स में दो बार टीम को गोल्ड मेडल दिलवा चुके हैं।
विज्ञापन


एशियन गेम्स की तैयारी में जुटीं सविता पूनिया
महेंद्र पूनिया ने बताया कि बेटी भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया अब एशियन गेम्स में गोल्ड लाने की तैयारी में जुटी हुई है। एशियन गेम्स 23 सितंबर से आठ अक्तूबर तक चीन में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में गोल्ड पाने के बाद भारतीय हॉकी टीम ओलंपिक 2024 में अपनी जगह बना पाएगी। इसके लिए सविता पूनिया बंगलूरू में तैयारी कर रही है। सविता पूनिया ने भारत के लिए उपकप्तान के रूप में टोक्यो ओलंपिक 2020 के अभियान में एक अहम भूमिका निभाई। सविता पूनिया को 2022 में रानी रामपाल की अनुपस्थिति में टीम का नेतृत्व करने का जिम्मा सौंपा गया था, जो लंबे समय तक चोट के कारण बाहर थीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

गांव के पहले तीन खिलाड़ी भी ओलंपियन रह चुके

संत नगर से तीन खिलाड़ी दीदार सिंह 1992, हरपाल सिंह 2004 और सरदार सिंह 2012-16 तक ओलंपिक में खेल चुके हैं। गांव में नामधारी कम्युनिटी द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाता है। वहीं, कम्युनिटी के प्रधान सतगुरु उदय सिंह खिलाड़ियों के खेल सामग्री से लेकर आने जाने तक का खर्चा वहन करते है।

हॉकी कोच के अनुसार
राजेंद्र सिंह पहले भी दो बार इंटरनेशनल गेम्स में इंडिया टीम में खेल चुके हैं। इस दौरान इंडिया टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। अब इस समय राजेंद्र सिंह स्पेन में हो रहे इंटरनेशनल टूर्नामेंट में खेलने के लिए गया हुआ है। --- हरविंद्र सिंह, हॉकी कोच

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए बॉक्सिग में बहा रहे पसीना

विश्वभर में मिनी क्यूबा के नाम से प्रसिद्ध भिवानी शहर के युवाओं का बॉक्सिंग खेल के प्रति रुझान बरकरार है। भिवानी शहर में करीब 14 बॉक्सिंग प्रशिक्षण अकादमी है, जिसमें करीब 1300 खिलाड़ी प्रैक्टिस करते हैं। वहीं, इसके अलावा अन्य ब्लॉक स्तर पर संचालित अकादमियों में करीब 1200 खिलाड़ी बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों ने बातचीत के दौरान अपने अनुभवों को साझा किया।

तमन्ना की कामयाबी पाने की चाह को लगे पंख
महिला खिलाड़ी तमन्ना ने बताया कि मैं ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंद्र सिंह के गांव कालूवास की निवासी हूं। फिलहाल भिवानी स्थित बीबीसी अकादमी में प्रैक्टिस करती हूं। यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हूं। इसके अलावा कई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया है। उसकी कामयाबी पाने की चाह को पंख लग चुके हैं। उम्मीद है कि आगे भी कामयाबी के लिए संघर्ष करती रहूंगी

देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य : प्रिया घनघस
प्रिया घनघस मूलरूप से गांव धनाना की निवासी हैं, लेकिन हाल ही में भिवानी में डाबर कॉलोनी में रहती हैं। उसने बताया कि बॉक्सर विजेंद्र सिंह को खेलते देख मेरा भी मन बाॅक्सिंग खेलने का हुआ। फिलहाल प्रिया भिवानी साई सेंटर में बॉक्सिंग की प्रैक्टिस करती हैं। उसने बताया कि वर्ष 2023 जूनियर वर्ग में बेस्ट वुमेन का खिताब मिला है। उसने बताया कि देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य है।

विश्व में तिरंगे का शान बढ़ाना ही लक्ष्य है: स्वस्ति
मूलरूप से राजस्थान के अजमेर निवासी स्वस्ति ने बताया कि बॉक्सिंग खेल में भिवानी शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है। यहां पर मिलने वाली खेल सुविधाओं को देखकर ही मैंने बॉक्सिंग की प्रैक्टिस करने का फैसला किया। मैंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया है। आगे विश्व में तिरंगे का शान बढ़ाना ही लक्ष्य है।

सुविधाओं से प्रभावित होकर भिवानी में कर रही हूं प्रैक्टिस : नेहा

मूलरूप से राजस्थान के जयपुर निवासी नेहा ने भी यहां की सुविधाओं से प्रभावित होकर भिवानी में खेलने का मन बनाया। यहां पर मिलने वाली खेल सुविधा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीत चुके खिलाड़ियों से मिलने वाले प्रशिक्षण के कारण यहां पर प्रैक्टिस करने का फैसला किया। जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में नेहा ने रजत पदक प्राप्त किया है।

द्रोणाचार्य अवार्डी बॉक्सिंग कोच के अनुसार
भिवानी जिले में भारत ही नहीं बल्कि अन्य देशों के किसी भी शहर के मुकाबले बॉक्सिंग खेल की प्रैक्टिस करने वाले सबसे ज्यादा खिलाड़ी हैं। भिवानी में अन्य राज्यों से खिलाड़ी प्रैक्टिस करने के लिए आते हैं। फिलहाल शहर में करीब 1200 खिलाड़ी विभिन्न अकादमियों में प्रैक्टिस कर रहे हैं। इनमें से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। भविष्य में इन खिलाड़ियों से ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स में पदक जीतने की उम्मीद है। -जगदीश कुमार, द्रोणाचार्य अवार्डी बॉक्सिंग कोच

हॉकी की खेल नर्सरी में खिलाड़ियों की नई पौध हो रही तैयार

हिसार की महिला खिलाड़ी हॉकी स्टिक का जादू न केवल देश, बल्कि विदेश में दिखा रही हैं। इन्हीं बेटियों से प्रेरणा लेकर हाॅकी की नर्सरी में खिलाड़ियों की नई पौध तैयार हो रही हैं। हिसार में चल रही नर्सरी में 25 बेटियां पसीना बहा रही हैं। इनमें से जिले की छह बेटियों ने इसी साल सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण तो दो बेटियों ने जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया था। अब बेटियां अक्तूबर में होने वाले खेल महाकुंभ और नेशनल गेम्स में अपनी स्टिक का जादू दिखाती नजर आएंगी।

सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में छह बेटियों ने स्वर्ण तो जूनियर नेशनल में दो ने जीता कांस्य पदक
खेल विभाग की ओर से अप्रैल में हॉकी की खेल नर्सरी शुरू की गई थी। इस नर्सरी में 10 साल से लेकर 18 साल की बेटियां हॉकी की बारीकियां सीख रही हैं। इन बेटियों को प्रतिमाह डाइट के रूप में 1500 रुपये से लेकर 2000 रुपये मिलते हैं। खास बात है कि नर्सरी में प्रशिक्षण ले रही 25 बेटियों में से 22 बेटियां राज्य स्तरीय चैंपियनशिप खेल चुकी हैं।

इन बेटियों ने दिलाया प्रदेश को स्वर्ण व कांस्य पदक
इसी साल ओडिशा में हुई सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में जिले की पूजा, कीर्ति, शशि, मीनाक्षी, इशिका और सीमा ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। वहीं, जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में पूजा मलिक और सावी ने प्रदेश को कांस्य पदक दिलवाया था। ये बेटियां सुबह-शाम पांच घंटे कोच रुचिका के पास प्रशिक्षण ले रही हैं।

इन बेटियों ने हिसार से की थी कॅरिअर की शुरुआत
मैंने 2015 में हॉकी से अपने कॅरिअर की शुरुआत हिसार से की थी। उस समय खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी फोकस था। सुबह प्रशिक्षण लेने के बाद स्कूल जाना होता था। फिर स्कूल से आकर शाम को मैदान में जाती थी। छह साल तक हिसार में हॉकी का प्रशिक्षण लिया। फिलहाल मैं भोपाल में रहकर प्रैक्टिस कर रही हूं। पिछले साल इंफाल में हुई सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था। -निकिता शर्मा, हॉकी खिलाड़ी।

वर्ष 2009 में जब हॉकी खेलनी शुरू की तो परिवार के सदस्यों ने मना कर दिया था। कहते थे कि लड़कियां गेम नहीं खेलती हैं। यह समय मेरे के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। मगर, मैंने हौसला नहीं तोड़ा और हिसार में कोच आजाद मलिक के पास प्रैक्टिस शुरू की। मैंने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया है। -पूनम रानी, हॉकी खिलाड़ी।

11 साल पहले हिसार के गिरी सेंटर में हॉकी से अपने कॅरिअर की शुरुआत की थी। कोच आजाद मलिक ने मुझे हॉकी खरीदकर दिलाई। उसके बाद मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हाल ही मैं मैंने एनआईएस पटियाला में कोच का कोर्स किया है। अब मेरा सपना कोच बनकर खिलाड़ी तैयार करना है। -पूजा गोस्वामी, हॉकी खिलाड़ी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed