सिरसा। अतिथि अध्यापकों ने मंगलवार को मांगों को लेकर टाउन पार्क में बैठक की। जिसमें महिला टीचर ने खून से मांग पत्र लिखा और कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, डबवाली के विधायक अमित सिहाग को सौंपा। जबकि बिजली मंत्री रणजीत सिंह के निवास पर कोई कर्मचारी मांग पत्र लेने के लिए नहीं पहुंचा तो अध्यापकों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
मंगलवार को सभी अध्यापक लाल बत्ती चौक स्थित टाउन पार्क में एकत्र हुए। एसोसिएशन जिला प्रधान सुभाष खटाना ने बताया कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा मंत्री आवास पर महा आक्रोश रैली की जाएगी। जिसमें अधिक से अधिक साथी एकत्र हो। हिसार मंडल प्रधान हरदीप गिल ने ट्रांसफर ड्राइव में अतिथि अध्यापकों के पद को रिक्त मानने पर सरकार के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि 16 वर्ष की सेवाओं के बाद भी अतिथि शिक्षकों के साथ सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। सरकार की दमनकारी नीति के विरुद्ध साथियों से आह्वान किया कि हरियाणा सरकार ने जो अतिथि शिक्षक सेवा सुरक्षा अधिनियम 2019 पारित किया था। इस अवसर पर राधा कृष्ण, देवेंद्र सिंह, हरदीप गिल, सुभाष खटाना, गुरप्रीत, यशपाल, सुनीता, वंदना, सीमा गिल, सुनील, राजपाल, रमेश गिरी, हंस राज, कमलेश, बलवंत, रमन गेस्ट टीचर उपस्थित रहे।