Haryana: पत्नी को ऑस्ट्रेलिया भेजना पड़ा महंगा, वापस लौटकर कर दिया हैरान करने वाला काम
लड़की ने कहा कि वह अजमेर सिंह को ऑस्ट्रेलिया बुला लेगी। विदेश जाने के बाद लड़की ने उनसे बातचीत करनी बंद कर दी। कहने लगी कि उसे धोखाधड़ी करनी थी।
विस्तार
हरियाणा के सिरसा जिले के गांव बुढीमेड़ी की एक महिला ने बेटे से शादी के नाम पर युवती और उसके परिवार पर 26 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ऐलनाबाद पुलिस को दी शिकायत में सुखजीत कौर ने बताया कि उसने अपने बेटे अजमेर सिंह का रिश्ता कर्णदीप कौर पुत्री महेंद्र सिंह निवासी ढाणी बालासर रोड वार्ड दो रानियां के साथ रिश्तेदारों की मौजूदगी में तय किया था।
उस समय लड़की के माता-पिता व रिश्तेदारों में बैठ कर यह बात तय हुई थी कि कर्णदीप कौर ऑस्ट्रेलिया जाना चाहती है। इसके जाने का सारा खर्चा लड़का व उसका परिवार ही वहन करेगा।
यह भी तय हुआ कि लड़की जब विदेश चली जाएगी और उसके बाद वह अपने पति को भी साथ ले जाएगी। सुखजीत कौर ने बताया कि उसने अपने रिश्तेदारों से कर्जा उठाकर व जमीन बेचकर लड़की को जुलाई 2018 में आस्ट्रेलिया भेज दिया।
विदेश भेजने में 26 लाख रुपये खर्च हुए। लड़की दो साल बाद भारत वापस आई। इसके बाद उसके बेटे अजमेर सिंह के साथ कर्णदीप कौर ने दोनों परिवार व रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी की।
शादी के बाद कर्णदीप कौर व अजमेर सिंह गांव बूढीमेड़ी, तहसील ऐलनाबाद में रहने लगे। करीब एक सप्ताह तक लड़की लड़के के साथ रही और फिर से विदेश चली गई।
लड़की ने कहा कि वह अजमेर सिंह को ऑस्ट्रेलिया बुला लेगी। विदेश जाने के बाद लड़की ने उनसे बातचीत करनी बंद कर दी। कहने लगी कि उसे धोखाधड़ी करनी थी।
पीड़ित सुखजीत कौर ने बताया कि उन्होंने लड़की के माता-पिता व उनके रिश्तेदारों से बात की तो उन लोगों ने कहा कि हमने तो अपनी लड़की को विदेश भेजना था।
धोखाधड़ी की साजिश हमने बहुत पहले ही बना लिया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कर्णदीप कौर, महेंद्र सिंह, जसविंद्र कौर निवासी रानियां व हरमेल सिंह निवासी गांव आदमके, तहसील सरदूलगढ़ जिला मानसा पंजाब के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।