सिरसा। कालांवाली से आने वाली बसों के समय में बदलाव करने और बंद पड़े समय पर दोबारा से बस सुविधा शुरू करने की मांग को लेकर रूट के विद्यार्थियों ने सुबह नौ बजे ही रोडवेज महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना दे दिया। वहीं विद्यार्थियों ने कहा कि वह पहले भी कई बार बस चलवाने को लेकर मांग पत्र सौंप चुके हैं। लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। जिसके बाद रोडवेज महाप्रबंधक आरएस पुनिया ने शुक्रवार तक बस सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने धरना समाप्त कर दिया।
वीरवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री कालांवाली रिशपाल गिल व सह मंत्री अमन सिंह ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि काफी दिन पहले बसों की समस्या को लेकर रोडवेज महाप्रबंधक को मांग पत्र सौंपा था। लेकिन इसके बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। जिसके बाद मजबूरन उन्हें रोडवेज महाप्रबंधक के कार्यालय का घेराव करना पड़ा। वहीं उन्होंने मांग करते हुए कहा कि कालांवाली से सुबह छात्राओं के लिए पिंक बस चलाई जाए। जो बसें सुबह के समय आती है उनका टाइम टेबल विद्यार्थियों के टाइम टेबल अनुसार बनाया जाए। इसके अलावा रूट पर आने वाले कई बसें स्टैंड पर नहीं रुकती, उन सभी को स्टैंड पर रुकवाने के आदेश दिए जाए। वहीं सुमित कुमार ने मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि बसों के ड्राइवर व कंडक्टर विद्यार्थियों को देखकर बसें भगा लेते हैं। जिससे विद्यार्थियों को बसों की छतों पर एवं खिड़कियों पर लटक कर यात्रा करनी पड़ती है। छात्राएं भी बस की खिड़की में लटकने को मजबूर होती है। वहीं उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तो वह फिर से महाप्रबंधक के कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर पुनीत शर्मा, प्रिया, जोशी, नीतू, अमन, मनजीत, लवप्रीत, पूजा, जशनदीप, चनप्रीत, हरदीप, साहिल अरोड़ा, मोहित बंसल, लवली, अंग्रेज, सुमन उपस्थित रहे।