{"_id":"576eeccb4f1c1b0550b48bf5","slug":"purse-loot-purse-snetching-attack-on-robber-brave-women-fight-with-snetcher-grab-snetcher","type":"story","status":"publish","title_hn":"पति का पहला तोहफा छीनकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ी किरण","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पति का पहला तोहफा छीनकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ी किरण
ब्यूरो/अमर उजाला सिरसा
Updated Sun, 26 Jun 2016 02:12 AM IST
विज्ञापन
बहादुर महिला किरण्ा
- फोटो : Bureau
पति के पहले तोहफे को लूटकर ले जाता देख 26 वर्षीय किरण बाला शनिवार को बदमाशों से भिड़ गई। पर्स छीनकर भाग रहे बदमाशों का पीछा किया। दुकानदारों के सहयोग से एक बदमाश को पकड़ लिया। दूसरे बदमाश पर्स छोड़कर भागे तो किरण ने पर्स को सीने से लगा लिया। इस पर्स में तीन-चार हजार रुपये के अलावा सगाई के वक्त पति की ओर से दिया गया तोहफा करीब 50 हजार रुपये का मोबाइल भी था। पकड़े गए आरोपी की पहचान के बाद देर शाम तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। तीनों आरोपी नाबालिग हैं और इनमें से दो 10वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं, एक पढ़ाई छोड़ चुका है।
विज्ञापन
सिरसा के गांव पंजुआना में कुछ महीने पहले ही ब्याही गई किरण बाला अपने मायके डबवाली के सुकेराखेड़ा गांव आई हुई हैं। शनिवार को अपनी मां सुमित्री के साथ डबवाली में शॉपिंग करने के बाद दोपहर करीब एक बजे एक रिश्तेदार से मिलने के लिए मेहतानगर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आई बिना नंबर की बाइक में बैठे तीन किशोरों में से एक ने किरण से पर्स छीन लिया। किरण ने पर्स वापस खींचने का प्रयास किया लेकिन बाइक तेज होने के कारण उसका जोर नहीं चला।
विज्ञापन
इस पर मेरा पर्स..., मेरा पर्स...चिल्लाते हुए वह बाइक के पीछे भागने लगी। युवती को शोर मचाते हुए पीछे आते देख हड़बड़ाए किशारों की बाइक न्यू बस स्टैंड रोड पर स्लिप हो गई। बदमाश बाइक और छीना गया पर्स फेंककर पैदल ही भागने लगे। इस बीच वहां पहुंचे दुकानदार वीशू, जगरूप सिंह तथा ईशू के सहयोग से किरण ने एक को पकड़ लिया, जबकि दो फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाश को दुकानदारों ने जमकर धुनने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
विज्ञापन
दसवीं कक्षा के छात्र हैं तीनों आरोपी किशोर
पकड़े गए किशोर ने खुद को मलोट (पंजाब) का निवासी बताया। उसने बताया कि उसके साथी भी मलोट के ही हैं, वह और एक अन्य कक्षा दस में पढ़ते हैं, वहीं तीसरे ने दसवीं के दौरान पढ़ाई छोड़ दी है। बाइक फरार हुए उसके साथी की है। पुलिस ने तीनों किशोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोबाइल नहीं, पति का प्यार
किरण ने बताया कि उसके लिए पर्स और उसमें रखी नकदी अहम नहीं थी। मोबाइल भी इसलिए अहम नहीं था कि वह महंगा था बल्कि इसलिए कि वह पति के प्यार का पहला तोहफा है। पति विक्की ने मंगनी के दौरान उसे यह मोबाइल दिया था।
किरण ने शिकायत दर्ज करवाई है। पर्स छीनकर भाग रहे एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। बाइक भी बरामद कर ली है। बाइक की नंबर प्लेट पर नंबर नहीं लिखा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-भूप सिंह, एएसआई, शहर थाना, डबवाली