{"_id":"16af84a1646812efbc76ad666e1629c6","slug":"angry-people-bitten-by-the-scourge-of-poor-water-supply","type":"story","status":"publish","title_hn":"खराब जलापूर्ति से गुस्साए लोगों ने काटा बवाल ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खराब जलापूर्ति से गुस्साए लोगों ने काटा बवाल
sirsa
Updated Tue, 01 Jul 2014 11:49 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बदहाल सीवरेज व्यवस्था और सीवरेज युक्त पेयजल आपूर्ति से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के तेवर देखकर कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए। महिलाओं ने एसडीई के रूम पर कब्जा करके उनकी प्रतीक्षा की लेकिन वे नहीं आए। गुस्साए लोग कार्यालय पर ताला जड़कर चले गए। पिछले कुछ समय से शहर की पेयजल व्यवस्था बिगड़ी हुई है। रही सही कसर सीवरेज व्यवस्था ने पूरी कर दी है।
विज्ञापन
दो बरसातों के कारण पुराना डिस्पोजल पर गंदा पानी निकालने के लिए बनाए गए गड्ढे लबालब हैं। पानी निकालने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने के कारण सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे हैं। गंदा पानी डिस्पोजल से सटे वार्ड नंबर चार और पांच की गलियों में बह रहा है। दूसरी ओर एक सप्ताह से नलों में काला पानी आ रहा है। पीना तो दूर लोग इसे नहाने के लिए भी प्रयोग नहीं कर रहे। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से गुस्साए लोग मंगलवार सुबह 10.30 बजे जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंचे। लोगों ने अपने हाथों में काले रंग के पानी से भरी बोतलें पकड़ी हुई थी।
विज्ञापन
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीई को काला पानी दिखाने के लिए महिलाएं हरियाणा सरकार मुर्दाबाद, पब्लिक हेल्थ मुर्दाबाद के नारे लगातीं हुई कर्मचारी कार्यालय के भीतर घुस गईं। महिलाओं के गुस्से को देखते हुए कार्यालय में मौजूद कर्मचारी भाग खड़े हुए। प्रदर्शनकारी पुरुष कार्यालय के मुख्य द्वार पर दरी बिछाकर बैठ गए। नारेबाजी शुरू कर दी कि जो भी कर्मचारी कार्यालय में आएगा, उसे काला पानी पीना पडे़गा, पीना पड़ेगा। इधर, देखते ही देखते महिलाएं एसडीई संकेत शर्मा के ऑफिस में जा पहुंची।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारी महिला कौशल्या देवी एसडीई की कुर्सी पर जा बैठी। महिलाओं से एसडीई का कमरा भर गया। सूचना देने के बावजूद एसडीई संकेत शर्मा, कनिष्ठ अभियंता सतपाल मौके पर नहीं पहुंचे। करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद एसडीई और जेई के मौके पर न पहुंचने से महिलाएं गुस्सा गई। महिलाओं ने दोनों के विरुद्ध मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। बाद में कार्यालय पर ताला जड़ दिया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा, पवन बंसल, अमरनाथ बागड़ी, ओमप्रकाश बागड़ी, रिंका सेठी, संतोष अरोड़ा, अशोक बंसल गोशा, अमन बंसल, शशि मोंगा, कौशल्या देवी, ममता, सुरेश सचदेवा, विशू सेठी, रीपल, सुमित्रा, नीमो सहित अन्य ने बताया कि सीवरेज तथा पेयजल अव्यवस्था को लेकर वे शिकायतें कर चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उनके घरों में सप्लाई हो रहे काले पानी को लेकर वे कार्यालय में आए थे लेकिन शिकायत सुनने के लिए कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। दो घंटे भी शिकायत सुनने कोई नहीं पहुंचा तो उन्हें तालाबंदी करनी पड़ी। खबर लिखे जाने तक विभाग में ताला जड़ा हुआ था।
गंदा पानी कहां निकाले, जगह नहीं
लोगों के आने की सूचना मिली थी। उस समय मैं समस्या का समाधान करवाने का प्रयास कर रहा था। पुराने डिस्पोजल पर गंदे पानी को निकालने के लिए जगह नहीं है। गंदा पानी निकालने के लिए पंजाब क्षेत्र में विभाग ने अस्थायी रूप से चार एकड़ भूमि तीन माह के लिए ली है। इसमें करीब तीन फुट गहरा गड्ढा खोदकर पानी निकाला जा रहा है। इसके अतिरिक्त रामबाग के नजदीक अस्थायी तौर पर पाइप बिछाकर पंप की सहायता से गंदे पानी को रामबाग रेलवे फाटक के नजदीक लेजाया जाएगा। यहां से पानी को चौटाला रोड डिस्पोजल तक ले जाने की योजना है।
-संकेत शर्मा, एसडीई जन स्वास्थ्य विभाग, डबवाली
उधर, उपमंडलाधीश से मिले लोग
मंगलवार सुबह वार्ड नंबर 13 के लोग ओमप्रकाश, चरणजीत कोचर, अशोक कुमार, विजय कुमार, भगवान दास, जगदीप सिंह, भोलू मिढ़ा के नेतृत्व में उपमंडलाधीश सतीश कुमार से मिले। लोगों ने काले पानी से भरी बोतल दिखाते हुए उपमंडलाधीश से कहा कि वे आज से नहीं पिछले दो वर्षों से दु:ख भोग रहे हैं। मंगलवार सुबह जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में गए थे। वहां उन्हें कोई कर्मचारी नहीं मिला।
इसलिए वे उनके पास आए हैं। सीवरेज युक्त पानी की वजह से वे उल्टी, दस्त रोग का शिकार हो रहे हैं। उनके घरों में लगे आरओ तक जवाब दे रहे हैं। इस पर उपमंडलाधीश ने उन्हें डिस्पोजल पर गंदे पानी की निकासी के लिए जमीन कम होने की बात कही। उपमंडलाधीश ने कहा कि पंजाब में जमीन ले ली गई है। मोटरें चल रही हैं। एक-आध दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा।