सिरसा में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी 24 घंटे में सुलझी, पांच हत्यारे गिरफ्तार, जानें पूरी वारदात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीआईए स्टाफ सिरसा की टीम ने 24 घंटों के अंदर नाथूसरी कलां रकबा में हुए डबल मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए मर्डर में शामिल 5 हत्यारों को तेजधार हथियारों सहित काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलशन निवासी गली नंबर 9 प्रीत नगर सिरसा, निर्मल वर्मा गली नंबर 3 सुखसागर कॉलोनी सिरसा, दीपक उर्फ कलटा निवासी गली नंबर 4 मेला ग्राउंड सिरसा, साहिल कुमार उर्फ नन्नू निवासी नटार व कृष्ण कुमार उर्फ कालू निवासी रंगड़ी खेडा के रूप में हुई है।
शुक्रवार को ब्लाइंड मर्डर का खुुलासा करते हुए डीएसपी राजेश कुमार चेची ने बताया कि मौके पर हत्यारों के खिलाफ कोई सबूत न मिलने के कारण ब्लाइंड डबल मर्डर खोलना सिरसा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था। पुलिस अधीक्षक सिरसा ने सीआईए व साइबर सेल की एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर कुछ संदिग्ध लड़कों की सूची तैयार की।
आखिर में शक की सूई निर्मल वर्मा निवासी सुखसागर कॉलोनी सिरसा पर टिक गई। क्योंकि आरोपी का कुछ दिन पहले मृतक अमन वर्मा के साथ झगड़ा हुआ था। सीआईए टीम ने आरोपी निर्मल वर्मा को बेगू एरिया से काबू कर लिया। आरोपी ने आरंभिक पूछताछ पर पुलिस टीम को बरगलाने की बहुत कोशिश की। लेकिन सीआईए टीम के आगे आरोपी ज्यादा देर नहीं टिक सका और अपने 5 साथियों के साथ मिलकर दोनों युवकों की हत्या करने की बात कुबूल कर ली।
सीआईए टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बाकी 4 हत्यारों को भी काबू कर लिया। वारदात में कुल 6 आरोपी शामिल थे जिनमें से 5 आरोपियों को काबू किया जा चुका है। एक आरोपी गोकुल निवासी बेगू फरार चल रहा है जिसे जल्दी ही काबू कर लिया जाएगा।
ये था मामला
थाना नाथूसरी चोपटा में सूचना मिली थी कि कुतियाना माइनर रकबा गांव नाथूसरी कलां में पानी के अंदर 2 युवकों की लाशें पड़ी हैं। सूचना पाकर एसएचओ नाथूसरी चोपटा सुखबीर सिंह, सीआईए इंचार्ज निरीक्षक रविंदर कुमार, डीएसपी ऐलनाबाद जगदीश काजला, डीएसपी सिरसा राजेश चेची व खुद पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह मौके पर पहुंचे निरीक्षण किया।
दोनों युवकों को निर्ममता से तेजधार हथियारों से काटकर माइनर के अंदर फेंका गया था लेकिन उसी रात माइनर का पानी बंद हो जाने के कारण डेड बॉडी ज्यादा दूर नहीं गई। यही वजह हत्यारों के गले की फांस बन गई। क्योंकि जिस जगह से डेड बॉडी मिली उससे थोड़ी ही दूरी पर दोनों युवकों की हत्या की गई थी जिस कारण पुलिस को मौका घटनास्थल ढूंढने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई ।
मौके पर डेड बॉडी की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। जिससे मृतकों की पहचान अमन वर्मा निवासी रामगढ़ राजस्थान व जितेंद्र वर्मा निवासी गोशाला मोहल्ला सिरसा के रूप में हुई। एसएचओ नाथूसरी चोपटा के बयान पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।