रोहतक। भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर का कहना है कि रोहतक शहर के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। 8 अक्तूबर को तीसरी बार भाजपा सरकार बनते ही केंद्र से ग्रांट लेकर आऊंगा, ताकि शहर को बड़े प्रोजेक्ट शहरवासियों को समर्पित कर सकें। ग्रोवर वीरवार को नई सब्जी मंडी, कच्चा बेरी रोड, इंदिरा मार्केट में जनसभा के अलावा कैलाश कॉलोनी, विजय नगर, गांधी कैंप, तिलक नगर, देव कॉलोनी, जनता कॉलोनी व प्रेम नगर में लोगों से मिले।
ग्रोवर ने कहा कि पिछले 10 साल में तमाम दुकानदारों और व्यापारियों ने खुलकर अपना व्यवसाय किया। रोहतक शहर को भयमुक्त बनाने के लिए गंभीरता से काम किया। तीसरी बार सरकार बनते ही रोहतकवासियों की हर मूलभूत सुविधा पर फोकस होगा। कांग्रेस ने अपने 10 साल के शासन के अलावा पूर्व में भी रोहतक शहर में जनसुविधाओं पर कभी काम नहीं किया। 2014 में सरकार आने के बाद पार्क, पार्किंग और शौचालय की सौगात दी। ग्रोवर ने कहा कि रोहतक विधानसभा के लिए बड़े संकल्प लिए हैं, इनमें प्रमुख रूप से तीन नए जल घर बनाने, सीवरेज को पूरी तरह ठीक करने, हर महिला को 2100 रुपये प्रति माह देने, अनुसूचित और पिछड़ा वर्ग से संबंधित वर्ग के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाएगा।