मोबाइल छीनने पर बाइक सवार दो युवकों ने तीसरे की गोली मारकर की हत्या, गांव में पुलिस तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव गोकलगढ़ में जमानत पर आए आरोपी ने एक युवक का मोबाइल छीन लिया। थोड़ी देर बाद उक्त युवक अपने दोस्त के साथ बाइक से आया और सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस को तैनात कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के गांव गोकलगढ़ निवासी करीब 25 वर्षीय प्रवीन मंगलवार सुबह साढ़े 11 बजे गांव में ही एक मकान के सामने एक अन्य युवक के साथ बैठा था। इसी दौरान गांव के ही महेश उर्फ गैनी व महमपाल उर्फ लालू बाइक से वहां पहुंच गए। प्रवीन ने महेश उर्फ गैनी का मोबाइल छीन लिया, जिससे उनके बीच तू-तू मैं-मैं भी हुई। लेकिन बाद में दोनों के बीच सुलह करा दी गई।
इसके बाद महेश व महम पाल दोनों वहां से चले गए। कुछ देर बाद दोनों फिर से बाइक से आए तो प्रवीन ने उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान महेश उर्फ गैनी ने उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद प्रवीन ने भागकर बचने का प्रयास भी किया, लेकिन कुछ दूर चलने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा।
वारदात के बाद वहां हड़कंप मच गया और आरोपी वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल प्रवीन को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
करीब डेढ़ माह पहले ही जमानत पर आया था बाहर
जानकारी के अनुसार प्रवीन का अपराधिक रिकार्ड रहा है। उस पर करीब एक साल पहले हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। उसके बाद से ही प्रवीण जेल में था। डेढ़ माह पहले ही वह जमानत पर जेल से छूटा था। कुछ दिनों से वह घर पर ही रह रहा था।
मां का इकलौता सहारा था प्रवीन
मृतक प्रवीन माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता की भी कुछ समय पूर्व निधन हो गया था। वह अविवाहित था तथा अपनी बूढ़ी मां का इकलौता सहारा था। प्रवीन की हत्या के बाद उसकी मां का सहारा छिन गया। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव के ही दो युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्या के पीछे दो कारण सामने आए हैं। एक पुरानी रंजिश और दूसरा मोबाइल छीनने को लेकर हुआ विवाद। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। -मनोज कुमार, एसएचओ, थाना सदर।