रोहतक। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ का डिपो सम्मेलन रविवार को हुआ। डिपो के पूर्व प्रधान रवि यादव की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। सम्मेलन में हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के 17वें त्रिवार्षिक सांगठनिक चुनाव को मंजूरी दी गई। इसमें प्रवीन यादव को रेवाड़ी डिपो प्रधान, रविंद्र कुमार सचिव, विकास यादव उपप्रधान, नवीन कुमार कोषाध्यक्ष, अभिजीत यादव सह सचिव, रणबीर कुंडू को सर्वसम्मति से ऑडिटर चुना गया। इन नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रदेश कार्यालय सचिव जयकुंवार दहिया ने शपथ दिलवाई। नव निर्वाचित प्रधान प्रवीन यादव ने सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर 28 मई को जींद में हो रही राज्य स्तरीय रैली में रोडवेज कर्मचारियों से बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के प्रदेश कार्यालय सचिव ने कहा कि 10 मार्च को सरकार के साथ हुई बातचीत में परिवहन मंत्री ने अनेक मांगों को मानने पर सहमति जताई। इनमें से केवल ओवरटाइम लागू करने के अलावा किसी भी मांग पर सरकार ने कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई है। इससे रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि बातचीत में सहमति अनुसार कर्मचारियों के अर्जित अवकाश में कटौती नहीं करने, परिचालकों व लिपिकों का वेतनमान 35400 रुपये लागू करने समेत अनेक मांगें शामिल हैं। इन मांगों को लेकर प्रदेश के हजारों रोडवेज कर्मचारी सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 28 मई को जींद रैली में बढ़-चढ़ कर भाग लेंगे। राज्य कार्यालय सचिव जयकुंवार दहिया, राज्य ऑडिटर सूबेसिंह धनाणा, झज्जर डिपो से विजय माजरा ने कह कि रेवाड़ी डिपो के चुने हुए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 14 मई को बस स्टैंड रेवाड़ी में होगा। यहीं इन्हें शपथ दिलाई गई। सम्मेलन में सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान धर्मराज, सिंचाईं विभाग से पवन कुमार यादव, रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य कार्यालय सचिव जयकुंवार दहिया, राज्य ऑडिटर सूबे सिंह धनाणा, राज्य सचिव शहजाद खान व झज्जर डिपो के प्रधान विजय माजरा, महासंघ से रवि यादव, इंटक से राजपाल यादव, चालक संघ से संजय यादवंं, महासंघ के पूर्व प्रधान बीर सिंह, राजेंद्र शिमला, धर्मवीर, जगदीश चौहान, उधम सिंह, विनय कुमार, महेश तिवारी समेत अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।