पुलिस चौकी के अंदर व बाहर मारपीट के मामले में पुलिसकर्मी गिरफ्तार, पार्षद को क्लीनचिट की तैयारी
पुलिस चौकी के अंदर व बाहर हुई मारपीट व झगड़े के मामले में पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी जितेंद्र उर्फ जिंदु को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे जमानत भी मिल गई है। मामले में नामजद पार्षद पप्पन गुलिया को क्लीनचिट देने की तैयारी चल रही है।
विस्तार
एक अगस्त की रात को गोकर्ण पुलिस चौकी के अंदर व बाहर हुई मारपीट व झगड़े के मामले में पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी जितेंद्र उर्फ जिंदु को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे जमानत भी मिल गई है। हालांकि मामले में नामजद नगर निगम के वार्ड नंबर 4 से पार्षद पप्पन गुलिया को क्लीनचिट देने की तैयारी चल रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सैनीवास निवासी चांद ने 2 अगस्त को सिटी थाने में केस दर्ज कराया था। आरोप था कि एक अगस्त की रात को करीब साढ़े 10 बजे उसका भाई सूरज अपने ताऊ के लड़के जयप्रकाश निवासी लक्ष्मण पुरी के घर आ रहा था। रास्ते में जितेंद्र उर्फ जिंदु अभद्र व्यवहार करने लगा, जो सुनारिया स्थित पुलिस अकादमी में तैनात है। मामला बढ़ने पर जितेंद्र ने अपने साथियों को बुला लिया। पुलिस उसके भाई जयप्रकाश को गोकर्ण पुलिस चौकी में ले गई, वहां पार्षद पप्पन गुलिया, जितेंद्र (जीतु), ओमप्रकाश, रूपक, राणा, रवि, पिल्लु, संदीप किराड़ (तोता), जींदु, मोहित, आशु व अन्य 15-20 आदमी आए। साथ ही उसके भाई जयप्रकाश व उनके साथ मारपीट की।
झगड़ा सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हो गया। पुलिस ने पुलिसकर्मी जितेंद्र, निगम पार्षद पप्पन गुलिया सहित 11 लोगोें के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उधर, दूसरे पक्ष की तरफ से आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था।
मैं जांच से संतुष्ट नहीं हूं, विधानसभा उपाध्यक्ष से मिलकर आया हूं
शिकायतकर्ता चांद ने बताया कि वह अब तक पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं है। उसके परिवार को ज्यादा चोटें मारी गई। पुलिस के आला अधिकारियों तक से मिल चुका हूं। कोई पुलिस सुरक्षा नहीं मिली। जिनको पुलिस ने गिरफ्तार किया था, सभी बाहर घूम रहे हैं। अभी तक उनकी एमएलआर नहीं मिली है। मैं विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा से मिलकर आया हूं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की है।
मामले में पुलिसकर्मी जितेंद्र उर्फ जिंदु सहित ज्यादातर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जहां तक निगम पार्षद की भूमिका सवाल है, उसके खिलाफ अभी कोई सबूत नहीं मिला है। मामले की निष्पक्षता से कार्रवाई की गई है।
राकेश कुमार, इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी सिटी