पहरावर जमीन विवाद: पूर्व सीएम हुड्डा बोले- जमीन गौड़ संस्था की थी और रहेगी, इसे कोई नहीं छीन सकता
पूर्व सीएम ने कहा शिक्षा व्यवस्था को लेकर बीजेपी-जेजेपी सरकार के उदासीन रवैया का खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस कार्यकाल में बने स्कूलों व मॉडल स्कूलों की सरकार ने पूरी तरह अनदेखी की है।
विस्तार
पहरावर में गौड़ संस्था की जमीन थी और रहेगी। कोई इसे छीन नहीं सकता। यह फैसला मेरी कैबिनेट का है। ये फैसले बदले नहीं जा सकते। इसे 33-33 साल के लिए दो बार लीज पर दिया गया है। इस जमीन से कोई छेड़छाड़ करेगा तो हम देखेंगे। यह किसी विभाग का मामला नहीं है, बल्कि कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इस जमीन पर संस्था का अधिकार है। ये बात हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को अपने रोहतक में डी-पार्क स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत में कही।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार पहरावर जमीन के फैसले से खिलवाड़ कर रही है तो कांग्रेस इसका डटकर विरोध करेगी। प्रदेश की जनता सर्वाधिक बेरोजगारी, घटती नौकरियों, कमर तोड़ महंगाई, बेकाबू अपराध, किसान की बढ़ती लागत व कर्ज समेत अन्य समस्याओं से जूझ रही है। मौजूदा सरकार का पूरा कार्यकाल विफलताओं से भरा पड़ा है। कोई भी वर्ग इससे संतुष्ट नहीं है।
प्रदेश में बेरोजगारी की दर 34.5 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। हरियाणा के 25 लाख युवा बेरोजगार हैं। सरकार उदासीन है। अकेले शिक्षकों के 50 हजार से अधिक पद रिक्त हैं। मुख्यमंत्री के करनाल क्षेत्र में कई स्कूल बगैर शिक्षकों के हैं। उन्होंने कहा कि नौकरी के नाम पर केवल युवाओं को बरगलाया जा रहा है। कौशल रोजगार केवल परेशान करने के लिए बनाया गया है।
कानून व्यवस्था लचर हो गई है। प्रदेश के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। किसान आहत हैं। उसकी फसल लागत बढ़ गई है, जबकि आय कम है। मांग के बावजूद किसानों को गेहूं पर 500 रुपये बोनस नहीं दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गेहूं की कीमत आसमान छू रही है। इसका लाभ किसान को भी मिलना चाहिए।
जबकि किसान पर कर्ज बढ़ रहा है। वर्ष 2014 में यह लाख करोड़ रुपये था जो अब 16 लाख करोड़ से भी ऊपर हो गया है। सरकार ने कमाई दोगुनी करने की बात कही थी। जबकि कर्ज दोगुना कर दिया है। बिजली ने भी परेशान कर रखा है। किसान व आम आदमी दोनों को बिजली किल्लत झेलनी पड़ रही है।
पूर्व सीएम ने कहा शिक्षा व्यवस्था को लेकर बीजेपी-जेजेपी सरकार के उदासीन रवैया का खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस कार्यकाल में बने स्कूलों व मॉडल स्कूलों की सरकार ने पूरी तरह अनदेखी की है। जिन मॉडल स्कूलों में दाखिले के कंपीटीशन होते थे, अब उनकी सीटें तक पूरी नहीं भर पा रहे हैं। इसलिए विपक्ष के तौर पर कांग्रेस ने जनता के समक्ष जाने का फैसला लिया है। पार्टी का ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम 29 तारीख को फतेहाबाद में होने जा रहा है।
सरकार के संरक्षण के बगैर संभव नहीं भ्रष्टाचार
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण के बगैर इतने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार संभव नहीं है। भर्तियों से लेकर निगम, शराब, रजिस्ट्री समेत हर काम में भ्रष्टाचार है। खुद भाजपा सांसद के आरोपों ने साबित कर दिया है कि विपक्ष के लगाए जा रहे आरोप सच हैं।