उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा है कि सुनारिया व गढ़ी बोहर समेत कई गांवों में अवैध कॉलोनियों की पहचान की गई है। उन्होंने जिलावासियों का आह्वान किया कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। इस क्षेत्र में सक्रिय भू-माफिया से अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि रोहतक तहसील में आने वाले शहरी क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा अवैध कॉलोनी काटने की सूचना प्राप्त हुई है। इस संबंध में तहसीलदार रोहतक को निर्देश दिया गया है कि चिह्नित खसरा व किला नंबर में रजिस्ट्री न की जाए। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध कॉलोनियों में न तो बिजली के खंभे लगाए जाएं, न ही ट्रांसफार्मर और न ही बिजली के कनेक्शन दिए जाएं। जिला योजनाकार को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध कॉलोनी में अगर निर्माण मिले तो उसे तुरंत प्रभाव से ध्वस्त कर दिया जाए। उपायुक्त ने बताया कि जिले के सुनारिया व गढ़ी बोहर गांवों में अवैध कॉलोनियां विकसित करने का मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है। उन्होंने जिलावासियों का आह्वान किया कि इन कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें, अपनी मेहनत की कमाई ऐसी जगह निवेश न करें। तहसीलदार को निर्देश दिया गया है कि इन क्षेत्रों में कोई सेल डीड पंजीकृत न करें। जिला योजनाकार नरेश कुमार ने लोगों से अपील की अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। ऐसी कॉलोनियों और निर्माण को गिराने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जाता है। इन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जल्द कार्रवाई की जाएगी।