हरियाणा पुलिस जल्द होगी हाईटेक, प्रदेश में बनेगा विश्व का सबसे आधुनिक कंट्रोल रूम: डीजीपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा पुलिस जल्द ही हाईटेक होगी। हरियाणा पुलिस द्वारा पंचकूला में अत्याधुनिक सुविधाओं से सेंट्रलाइज्ड पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। हरियाणा एमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम के नाम से शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट में सरकार द्वारा 154 करोड़ रुपये दिए गए हैं। हरियाणा में विश्व का अत्याधुनिक कंट्रोल रूम होगा।
इसमें सूचना प्राप्त होने पर ग्रामीण क्षेत्र में 20 मिनट और शहरी क्षेत्र में 10 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंचेगी। प्रदेश के हर व्यक्ति तक पुलिस सहायता पहुंचाने के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा 630 नई गाड़िया खरीदी जा रही है, जिन पर लगभग साढ़े 4 हजार पुलिस कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
यह कहना है कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा मनोज यादव का। वे शनिवार को आईआईएम में स्थापित की गई आईआईएम पुलिस चौकी के नव निर्मित भवन का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान आयोजित पुलिस अधिकारियों की बैठक में उन्होंने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी के बारे में चर्चा भी की।
डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि पूरे राज्य से कोई भी व्यक्ति कॉल करेगा तो पंचकूला स्थित सेंट्रलाइज्ड पुलिस कंट्रोल रूप में फ ोन कॉल रिसीव होगी। कंप्यूटर सिस्टम के द्वारा संबंधित पीसीआर वैन को सूचना भेजी जाएगी। पुलिस निर्धारित समय पर पुलिस सहायता के लिए मौके पर पहुंचेगी।
इसके लिए पुलिस को विशेष रूप से ट्रेनिंग दी जाएगी। हरियाणा पुलिस के अनुसंधानकर्ताओं को टैबलेट दिए जाएंगे। इस अवसर पर आईआईएम रोहतक के निदेशक धीरज शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज संदीप खिरवार, पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, सोनीपत एसपी जशनदीप सिंह रंधावा, प्रशिक्षु आईपीएस नितिश अग्रवाल, एसपी दादरी बलवान राणा, एसपी भिवानी संगीता कालिया व अन्य अधिकारी मौजूद रहे है।
एक अप्रैल से फैक्टरियों से निकलने वाली शराब होगी चेक
अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग के साथ मिलकर एक अप्रैल से शराब फैक्टरियों से निकलने वाली शराब को चेक किया जाएगा। आबकारी विभाग के साथ-साथ पुलिस जवान भी 24 घंटे शराब फैक्टरियों के बाहर तैनात रहेंगे और फैक्टरी से निकलने वाली शराब की प्रत्येक गाड़ी की चेकिंग की जाएगी।
डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस का फोकस अपराध की रोकथाम पर है। यदि पुलिस प्रभावी रूप से गश्त करके, आमजन को जागरूक करके व अन्य साधनों से अपराध को होने से रोकते है तो निश्चित रूप से पुलिस पर काम का बोझ कम होगा। 2020 में हरियाणा पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाया है।
राज्य स्तर पर खोला जा रहा साइबर अपराध का पुलिस थाना
साइबर अपराध की रोकथाम के लिए हरियाणा पुलिस ने बड़ी पहल शुरू की है। राज्य स्तर पर साइबर अपराध का पुलिस थाना खोला जा रहा है, जिसमें अत्याधुनिक हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर सिस्टम होंगे। जिसमें आउट सोर्सिंग से साइबर एक्सपर्ट लगाए जाएंगे। पंचकूला के मनसा देवी कांप्लेक्स में साइबर थाना स्थापित किया गया है।
एक फोरेंसिक साइबर लेब पंचकूला में स्थापित की जा रही है। जो पूरे राज्य के लिए रिसोर्स सेंटर का काम करेंगी। हर रेंज स्तर पर साइबर थाना खोला जाएगा। हाल में एक राज्य स्तर का साइबर थाना पंचकूला व एक थाना गुरुग्राम कमिशन रेट में है। अगले तीन माह में रेंज स्तर पर साइबर थाना स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा हर जिला स्तर पर व हर थाना में जवानों को साइबर अपराध को सुलझाने के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
आईआईएम हरियाणा के लिए विशेष दर्जा, इसलिए खोली गई चौकी: आईजी
आईजी रोहतक रेंज संदीप खिरवार ने बताया कि आईआईएम रोहतक हरियाणा के लिए विशेष दर्जा रखता है। जिसमें पूरे देश से छात्र छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं। यह पूरे राज्य के लिए एक अनमोल संपत्ति है। आईआईएम को सुरक्षा देना पुलिस का दायित्व बनता है। छात्रों को सुरक्षा का अहसास हो। कोई सामाजिक तत्व कॉम्पलेक्स में प्रवेश न कर सके। कोई अनहोनी घटना घटित न हो इसके लिए पुलिस चौकी खोली गई है।
चौकी में एक हाईवे पेट्रोलिंग वैन व गश्त के लिए दी राइडर: एसपी
एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि आईआईएम द्वारा चौकी का भवन बनाकर दिया गया है। चौकी में एक हाईवे पेट्रोलिंग वैन दी गई है, जो हाईवे पर निरंतर गश्त करेगी। गश्त के लिए अलग से एक राइडर भी दी गई है। लोगों को सुविधा होगी, अपराध को रोकने में पुलिस को सहायता मिलेगी। आईआईएम पुलिस चौकी में आईआईएम कांप्लेक्स, जेल कांप्लेक्स, पुलिस ट्रेनिंग काम्पलेक्स व डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल का क्षेत्र शामिल रहेगा। एसआई हरिओम को पुलिस चौकी प्रभारी लगाया गया है। चौकी में प्रभारी के अलावा 12 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जिसमें महिला पुलिस कर्मचारी भी शामिल है।