रोहतक। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) व आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीम ने सोमवार को स्पेशल क्राइम टीम के साथ जांच अभियान चलाया। यह अभियान जीआरपी प्रभारी भगवानदास की अध्यक्षता में चलाया गया। स्टेशन से गुजरने वाली हर ट्रेन की जांच की गई।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए टीम के साथ यह चेकिंग अभियान चलाया गया है। स्टेशन के नए भवन का निर्माण भी किया जा रहा है। काफी कीमती सामान भी स्टेशन पर होने के कारण गहनता से जांच की गई है। हालांकि जीआरपी पुलिस निरंतर स्टेशन पर गश्त करती रहती है। जांच के दौरान यात्रियों के भारी बैग की भी गहनता से जांच की गई है। शक के तौर पर भी कुछ युवाओं से बातचीत की गई। हालांकि जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक चीजें नहीं मिली है। लेकिन आगे भी यह जांच अभियान निरंतर चलता रहेगा। इस मौके पर एसआई जोगिंद्र सिंह, एएसआई राजेश कुमार, ईएसआई हरिओम, आरपीएफ से एएसआई संदीप, रामबीर समेत स्पेशल क्राइम की टीम मौजूद रही।