कंसाला में सन्नाटा: माता-पिता के बाद अब पिता-पुत्र छोड़ गए परिवार का साथ, रह गए पत्नी व 10 साल की बेटी
यूपी में मेरठ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे का मामला है। मृतक सुमित ड्राइवरी के साथ दूध बेचकर परिवार पाल रहा था। सुमित के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अब परिवार में पत्नी व 10 साल की बेटी ही बची है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक के कंसाला गांव में गुरुवार को उस समय सन्नाटा छा गया, जब गांव के युवक सुमित (34) व उसके बेटे यगित (7) की यूपी में मेरठ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। सुमित के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह परिवार का इकलौता बेटा था और इको वैन पर ड्राइवरी कर व दूध बेचकर परिवार पाल रहा था। अब हादसे में घायल 10 साल की बेटी व सुमित की पत्नी बची है। हादसे के बाद घर के दरवाजे बंद नजर आए, क्योंकि सुमित की पत्नी अपने रिश्तेदारों के साथ गाजियाबाद गई हुई थी। शुक्रवार को शव गांव में पहुंचने की संभावना है।
गांव के पूर्व सरपंच रामबीर ने बताया कि सुमित के पिता श्रीचंद सुलझे हुए व्यक्ति थे। 60 साल की उम्र में उनका विवाह हुआ था। 10 साल पहले श्रीचंद व 8 साल पहले उनकी पत्नी का देहांत हो गया था। सुमित की मां सादे स्वभाव की थी। परिवार की पूरी जिम्मेदारी सुमित पर ही थी।
वह इको वैन पर ड्राइवरी करके व दूध बेचकर परिवार पाल रहा था। उसके पास एक बेटा व एक बेटी है। सूचना मिली कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार गया हुआ था। गुरुवार को गांव में हादसे की सूचना मिली। घर पर कोई नहीं मिला। हादसे की सूचना पाकर हर कोई गमजदा है।
दुर्भाग्य ने नहीं छोड़ा साथ, दो साल पहले टूटा गया था पैर
पूर्व सरपंच ने बताया कि सुमित काफी मेहनती लड़का था। दो साल पहले सड़क हादसे में उसका पैर टूट गया था। पैर ठीक हुआ तो वह दोबारा ड्राइविंग करने लगा। अब बेटे व बेटी को अच्छी जगह पढ़ाने का सपना देख रहा था। लेकिन हादसे के चलते सपने भी उसके साथ ही चले गए।
हरिद्वार से लौटा रहा था परिवार के साथ
पुलिस के अनुसार सुमित अपनी बहन बबली, बहनोई तेजपाल और अपने दोनों बच्चों के साथ हरिद्वार घूमने गए थे। गुरुवार को कार से रोहतक स्थित अपने गांव जा रहे थे। कार जैसे ही मेरठ एक्सप्रेस वे पर कुशलिया गांव के पास पहुंची तो आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि सुमित और बबली की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि तेजपाल और यगित ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक सुमित कार चला रहे थे। तेजपाल आगे वाली सीट पर बैठे थे और सुमित की बहन बबली पिछली सीट पर सुमित के बेटे यगित व बेटी निकिता के साथ बैठी थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान की जा रही है। तेजपाल के बेटे रोहित शर्मा ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दी है।