‘एजुकेशन हब’ रोहतक में अब बचे सिर्फ खौफनाक मंजर के निशां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘एजुकेशन हब’ रोहतक शहर के प्रमुख स्कूल और कॉलेज अब खंडहर बन चुके हैं। उपद्रवियों ने न केवल निजी स्कूल और कॉलेजों में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि क्लास रूम को भी आग के हवाले कर दिया। कंप्यूटर सहित एसी, कुर्सियां, सोफे तक को उठाकर ले गए। जो सामान वे नहीं ले जा सके, उसे खाक कर दिया। असामाजिक तत्वों ने स्कूल बसों को भी नहीं छोड़ा। यहां तक कि एक कॉलेज के सात साल तक का रिकार्ड और विद्यार्थियों की मूल डिग्रियां भी जला दी गईं। 1 मार्च से सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू होनी हैं। ऐसे में इन बुरे हालातों में बोर्ड परीक्षाओं को कराना स्कूल प्रबंधन के समक्ष एक बड़ी चुनौती है। क्योंकि, स्कूलों में रह गया है तो सिर्फ उस खौफनाक मंजर के निशान...।
शिक्षा भारती को पांच करोड़ का नुकसान, होंगी बोर्ड परीक्षाएं उपद्रवियों के हमले से बर्बाद हुए गोहाना रोड स्थित शिक्षा भारती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को अभी सुधरने में काफी वक्त लगेगा। पर, यहां 1 मार्च से शुरू होने वाली सीबीएसई की परीक्षाएं जरूर होंगी। प्राचार्या डॉ. संजय कुमार ने बताया कि उपद्रवियों ने स्कूल परिसर में तोड़फोड़ ही नहीं की, बल्कि तांडव किया है। प्रबंधन को करीब पांच करोड़ का नुकसान हुआ है। अब बृहस्पतिवार से व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू होगा। 29 फरवरी से कक्षाएं शुरू करने का प्रयास रहेगा। स्कूल बिल्डिंग में तोड़फोड़ के साथ ही नौ स्कूल बसें जला दी गईं हैं। बच्चों और शिक्षकों का पूरा रिकार्ड भी खाक हो गया है। राख बने बच्चों के डॉक्यूमेंट्स, एमडीयू से लेंगे मदद रोहतक-पानीपत हाईवे पर मकड़ौली टोल प्लाजा से आगे एक कैंपस है, जिसमें रोहतक इंजीनियरिंग कॉलेज, शमशेर बहादुर सक्सेना कॉलेज सहित श्रीराम ग्लोबल स्कूल की नई बिल्डिंग पूरी जलकर राख हो गई है। बल्कि, सात वर्ष पुराने कश्मीर और बिहार के सभी विद्यार्थियों की मूल डिग्रियां भी आग में खाक हो गईं हैं। जनरल डायरेक्टर डॉ. किशोर चावला ने बताया कि कैंपस में बने दोनों कॉलेज और स्कूल तबाह हो चुके हैं। अभी कितना नुकसान हुआ है, इसका आंकलन नहीं किया गया है पर करोड़ों की हानि जरूर हुई है। यहां पर ढाई हजार हमलावरों ने दो दिन में चार बार हमला बोला। मुख्य गेट नहीं टूटा तो उसे काटकर अलग कर दिया। इसके बाद अंदर घुसकर तबाही मचाई। तीन मंजिला कॉलेज की इमारत के हर फ्लोर पर चढ़कर उपद्रवियों ने क्लास रूम में लगी खिड़कियों के शीशे दरवाजे तोड़ दिए और आग लगा दी।
वहां रखे लगभग 250 कंप्यूटर की हार्ड डिस्क और मदर बोर्ड निकालकर जला दिया। कॉलेज परिसर में खड़ी दो नई समेत तीन बसों को भी फूंक दिया। इसके अलावा, 20 लाख किताबें भी खाक कर दीं। डॉ. चावला ने बताया कि अभी बच्चों के कोर्स वर्क चल रहे हैं। चूंकि, उनका पूरा कैंपस जल चुका है, इसलिए एमडीयू से मदद ली जाएगी। इस उपद्रव में हॉस्टल ब्लॉक में करीब 12 बच्चे फंस गए थे, जिन्होंने दीवार फांदकर अपनी जान बचाई है।
मूक कोर्ट बना खंडहर शमशेर बहादुर सक्सेना कॉलेज में विद्यार्थियों के अभ्यास के लिए बना मूक कोर्ट यानी इंसाफ देने वाला कक्ष भी खंडहर बन गया है। यहां रिटायर्ड जज भावी वकीलों और जजों के साथ अपने अनुभव बांटते थे। उन्हें न्याय के लिए लड़ना सिखाते थे, पर वह भी अब तबाह हो गया है।
आरएन इंजीनियरिंग कॉलेज भी बिखरा आरएन इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज भी पूरी तरह से बिखर गया है। कॉलेज के चेयरमैन योगेश ने बताया कि उपद्रवियों ने पूरे कॉलेज में जमकर तबाही की है, करीब चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उपद्रवियों ने आग जलाने की भी पूरी कोशिश की, पर गनीमत रही कि उनका गार्ड मौका पाकर ही भाग गया। फिर, वह समीप के गांव के ग्रामीणों को बुलाकर लाया। जिन्होंने तुरंत मोर्च संभाला और कॉलेज को खाक होने से बचाया। बीटेक और एमटेक कोर्स के सेमेस्टर अभी चल रहे हैं। विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद न हो, इसके लिए सरकार और एमडीयू के मदद ली जाएगी।
एसडी मेमोरियल स्कूल भी जला भालौठ रोड स्थित एसडी मेमोरियल कॉन्वेट स्कूल को भी उपद्रवियों ने तहस-नहस कर दिया। स्कूल निदेशक राकेश खुराना ने बताया कि लगातार तीन दिनों तक रात के समय स्कूल की इमारत और वाहनों में तोड़फोड़, आगजनी की। लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट रूम आदि को खाक कर दिया। इसमें स्कूल का रिकार्ड भी जल गया।