कोरोना संक्रमणकाल में सरकार ने पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. ओपी कालरा को दो माह के लिए एक्सटेंशन दे दी है। बीसी राय अवॉर्डी डॉ. कालरा को यह एक्सटेंशन सरकार ने दूसरी बार दी है, उनका कार्यकाल मई माह में ही समाप्त हो रहा था।
मंगलवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य की ओर से कुलपति डॉ. ओपी कालरा को दो माह के लिए स्थायी कुलपति की एक्सटेंशन प्रदान की गई है। जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. वरुण अरोड़ा ने बताया कि कुलपति डॉ. कालरा ने 28 मई 2015 को विश्वविद्यालय के कुलपति के पद पर ज्वाइन किया था और उन्हें 27 मई को सेवानिवृत्त होना था। लेकिन महामारी को देखते हुए डॉ. ओपी कालरा के कार्यकाल में 2 माह की बढ़ोतरी प्रदान की गई है। गौरतलब है कि कुलपति के कार्यकाल में ट्रॉमा सेंटर शुरू हुआ, महामारी में कोरोना के हजारों मरीजों का उपचार हुआ। ट्रॉमा सेंटर में एक छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई। डॉ. कालरा के प्रयासों से विश्वविद्यालय को नैक से ए ग्रेड की मान्यता मिली। इसके साथ संस्थान को सेंट्रलाइज्ड एयरकंडीशन ओपीडी, मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर, मॉड्यूलर ओटी कम आईसीयू, एमबीबीएस की सीटों में बढ़ोतरी, अत्याधुनिक हॉस्टल जैसी सुविधाएं दिलवाई हैं। यही नहीं संस्थान को एक नई पहचान दिलाने के लिए एक 50 साल का प्रोजेक्ट भी तैयार करवाया हुआ है।