अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से अनधिकृत निर्माण व कॉलोनियों को गिराने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नगर योजनाकार ने रोहतक के शहरी व नियंत्रित क्षेत्र में लगभग 7.5 एकड़ में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में 6 नींव, सीवर नेटवर्क, डब्ल्यूबीएम रोड तथा कच्चा रोड नेटवर्क तोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन समय-समय पर ऐसे अभियान चलाता है। इस कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार कार्यालय के सहायक नगर योजनाकार, अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा। जिला नगर योजनाकार राजकीर्ति ने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन की पूंजी को अवैध निर्माण या डीलरों व भू-मालिकों की काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। इस तरह की विभागीय कार्रवाई समय-समय पर प्रशासन अमल में लाएगा। अपनी पूंजी को निवेश करने से पहले नागरिक जिला नगर योजनाकार के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आकर पूछताछ कर सकते हैं।