सामाजिक संगठन ग्लोबल हरियाणा द्वारा रोहतक के गांव टिटौली में आयोजित हरियाणा केसरी कुश्ती प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग का खिताब दिल्ली के कर्ण और महिला वर्ग का खिताब हिसार की सोनिका हुड्डा ने जीता।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जनसेवक मंच के संयोजक एवं महम के विधायक बलराज कुंडू ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर फाइनल कुश्ती की शुरुआत कराई। प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, यूपी के कई पहलवान शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, पुरुष वर्ग में फाइनल मुकाबला छत्रसाल स्टेडियम दिल्ली के कर्ण और खरखौदा के सागर के बीच हुआ। कर्ण ने सागर को हराकर हरियाणा केसरी का खिताब जीता। महिला वर्ग में हिसार की सोनिका हुड्डा का मुकाबला निंदाना की प्रिया से हुआ। इसमें सोनिका ने महिला वर्ग में हरियाणा केसरी का खिताब अपने नाम किया। विधायक बलराज कुं डू ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इससे पूर्व प्रतियोगिता में पहुंचने पर ग्लोबल हरियाणा संगठन के चेयरमैन एवं एनआरआई बालेंद्र कुंडू समेत समस्त कार्यकारिणी ने विधायक का स्वागत किया। इस मौके पर एनआरआई डॉ. संगीता दहिया, कनाडा से डॉ. गुलाब सिंह, पर्वतारोही अनीता कुंडू, डॉ. रामचंद्र सिवाच सहित कलाकार जोगेंद्र कुंडू और डंबल सहित अनेक गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। इसमें रायबीर कुंडू, सुरेश, चांद, जयबीर, जितेंद्र, यशपाल, योगेंद्र और सत्यवान समेत टिटौली वासियों का सहयोग रहा।