रोहतक: महिला लेक्चरर की मौत, शिक्षक पति सहित सात के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने मामले की जांच के लिए एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को मौके पर बुलाया। उन्होंने घर के बाथरूम की जांच की। बाथरूम में एक रस्सी लटक रही थी।
विस्तार
रोहतक की जनता कालोनी में एक महिला लेक्चरर की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके भाई ने पीजीटी के तौर पर कार्यरत उसके पति संदीप, उसकी दो बहनों, दो बहनोई सहित सात के खिलाफ दहेज हत्या व दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक दादरी जिले के गांव बलकरा निवासी डॉ. संजय ने शिकायत दी है कि उसकी पांच बहनें हैं। सबसे छोटी बहन शिल्पा की शादी मई 2019 में जींद के भैरो खेड़ा निवासी संदीप के साथ की थी। शादी के बाद संदीप अपनी बहनों के घर रोहतक की जनता कालोनी में रहता है।
मृतका के भाई का आरोप है कि संदीप व अन्य शिल्पा को दहेज के लिए परेशान करते थे। उसने बहन की खुशी के लिए कभी 50 हजार तो कभी 2 लाख रुपये दिए। अब शिल्पा पर मकान खरीदने के लिए पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा था। दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर शिल्पा ने आत्महत्या कर ली या आरोपियों ने उसकी बहन की हत्या कर दी।
पीजीआई में पहुंची तो दम तोड़ चुकी थी शिल्पा
पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे पीजीआई से पता चला कि जनता कॉलोनी निवासी शिल्पा को पीजीआई में मृत हालत में लाया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद उसके मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद मृतक के भाई के बयान पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया।
पोस्टमार्टम से पता चलेगा, कैसे हुई मौत
मृतका के भाई के बयान पर पुलिस ने पति सहित सात आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। रविवार को शव का पीजीआई में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इससे पता चल सकेगा कि महिला ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई है। - एसआई हरपाल सिंह, प्रभारी जनता कॉलोनी पुलिस चौकी