{"_id":"66a7baeaac64827a5a04e9f0","slug":"rohtak-miscreants-entered-the-house-on-the-pretext-of-drinking-water-held-woman-hostage-and-looted-2024-07-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rohtak: पानी पीने के बहाने घर में घुसे बदमाश, महिला को रसोई में बंधक बनाकर लाखों के जेवर लूटे","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Rohtak: पानी पीने के बहाने घर में घुसे बदमाश, महिला को रसोई में बंधक बनाकर लाखों के जेवर लूटे
Mon, 29 Jul 2024 09:23 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 29 Jul 2024 09:23 PM IST
सार
रोहतक में महिला को रसोई में बंदकर बनाकर लाखों के जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। दो बदमाश पति के नाम पार्सल देने के नाम पर घर आए थे। पानी पीने के बहाने घर में घुसे और महिला की चेन लूट ली।
विज्ञापन
पुलिस मामले की जांच में जुटी है
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के रोहतक में थाना बहुअकबरपुर के भाली आनंदपुर गांव में सोमवार सुबह पार्सल देने के बहाने दो बदमाश एक घर पर पहुंचे। पानी पीने के बहाने वे घर में घुस गए। बदमाशों ने महिला को अकेली पाकर उसे रसोई में बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी से लाखों रुपये के जेवर निकालकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पीड़िता भाली आनंदपुर निवासी मधु ने बताया कि वह सोमवार सुबह घर पर अकेली थी। इसी दौरान दो युवक आए और उनके पति पवन के नाम से पार्सल की बात कही। मधु ने पार्सल लेने से इनकार कर दिया। कहा, उनके पति खेत पर गए हैं। कुछ ही देर में आ जाएंगे तो उन्हीं को दे देना। इसी दौरान युवकों ने उससे पीने के लिए पानी मांगा।
विज्ञापन
पानी लेने के लिए रसोई में गई तो एक युवक घर के अंदर आ गया और दूसरा बाहर खड़ा रहा। जब उसने अंदर आने का विरोध किया तो बदमाशों ने उसके गले से चेन तोड़ ली। इसके बाद दोनों ने उसको रसोई में बंद कर दिया।
विज्ञापन
बदमाश अलमारी तोड़कर लाखों के जेवर लूटकर फरार हो गए। काफी देर बाद जब पति आए तो रसोई का दरवाजा खुलवाया और पूरी बात बताई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लूट की सूचना पर पुलिस में अफरा-तफरी
लूटपाट की घटना के बाद पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस अधिकारी, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वाॅड और साइबर टीम के अलावा अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने जांच पड़ताल की और घटना का जल्द खुलासा करने का दावा किया।
कार भी ले जाने की थी योजना
जिस तरह बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया, उससे साफ है कि पहले उन्होंने रेकी की थी। महिला को बंधक बनाने के बाद कार की चाबी और अन्य जानकारी मांगी थी, इसी दौरान मधु ने दूसरे के घर की ओर गाड़ी की चाबी फेंक दी थी। यदि पीड़िता कार की चाबी न फेंकती तो शायद कार को ले जाने की भी योजना थी।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। -संदीप सिंह, डीएसपी, महम।