रोहतक: दिनदहाड़े शिवनगर में कपड़ा व्यापारी को लूटा, 13 हजार रुपये ले गए चार युवक
व्यापारी ने दिखाई हिम्मत तो युवक बाइक छोड़कर भाग गए। बाइक जींद नंबर की है। पुलिस का कहना है कि युवक रोहतक के हैं। जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक में भिवानी चुंगी के नजदीक दिनदहाड़े मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे चार युवकों ने फेरी लगाकर शिवनगर कॉलोनी से आ रहे कपड़ा व्यापारी से 13 हजार रुपये लूट लिया। यूपी के मुजफ्फनगर निवासी अबरार ने युवकों का मुकाबला किया, जिसके चलते युवक बाइक मौके पर छोड़कर भाग गए। शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने बाइक को कब्जे में जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि बाइक जींद नंबर की है, जबकि युवक रोहतक के ही रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक कपड़ा व्यापारी अबरार ने दी शिकायत में बताया कि वह आठ साल से रोहतक में रहता है और फेरी लगाकर कपड़ा बेचता है। फिलहाल हनुमान कॉलोनी में किराए पर मकान ले रखा है। मंगलवार सुबह वह शिव नगर कॉलोनी में फेरी लगाकर भिवानी चुंगी व हिसार बाईपास चौक के बीच स्थित रोहतक-भिवानी रेलवे लाइन फाटक की तरफ जा रहा था।
तभी पीछे से बाइक पर चार युवक आए। युवकों ने उसे देखकर थोड़ी आगे बाइक रोक दी और सड़क किनारे खड़े हो गए। उसे किसी तरह की वारदात का अंदेशा नहीं था। जैसे ही वह युवकों से थोड़ा आगे निकला, तभी पीछे से दो युवकों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दो ने जेब से 13 हजार रुपये निकाल लिए।
जब वे पैसे लेकर भागने लगे तो उसने मुकाबला किया। तीन युवक आगे भाग गए, जबकि एक उससे हाथापाई करने लगा। इसी बीच युवक के हाथ से बाइक की चाबी गिर गई, जो उसने उठा ली। उसने शोर मचा दिया, जिसके चलते चारों युवक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मामले की सूचना कपड़ा व्यापारी ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को कब्जे में लिया। इसके बाद फरार युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया।
रेकी करके दी गई वारदात अंजाम, जींद नंबर की बाइक
पुलिस को जांच में पता चला है कि कपड़ा व्यापारी दो दिन से लगातार शिव नगर कॉलोनी में ही घूमकर कपड़ा बेच रहा था। ऐसे में संभावना है कि युवकों ने उसकी रेकी की। इसके बाद योजना के तहत फाटक के नजदीक सुनसान क्षेत्र में लूट लिया।
बाइक नंबर के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। पता चला है कि युवक रोहतक के ही हैं। जल्द उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - एएसआई राजेश कुमार, प्रभारी अनाज मंडी पुलिस चौकी