महफूज नहीं हाईवे पर सफर : अब पशु व्यापारी को गोली मारी, चालक से लूटे 25 हजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-जयपुर हाईवे नंबर-8 पर सफर करना सुरक्षित नहीं रह गया है। हाईवे पर बदमाशों का गैंग सक्रिय है। मंगलवार रात स्थित गांव साल्हावास पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पशु व्यापारी अब्दुल अनान को दो गोली मारीं, गोली व्यापारी के पैर में लगीं। यही नहीं बदमाश व्यापारी के ट्रक चालक से 25 हजार की नकदी लूट ले गए। घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के टोंक जिले के गांव मालपुरा निवासी अब्दुल अनान अपने चालक भागमल के साथ ट्रक में 40 भेंड़-बकरी भरकर दिल्ली ले जा रहे थे। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साल्हावास गांव के समीप रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ट्रक के आगे बाइक को लगाकर ट्रक को रुकवा लिया।
ट्रक रुकते ही एक बदमाश ने अब्दुल अनान की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और दो अन्य बदमाशों ने चालक से मारपीट कर 25 हजार रुपये की नकदी लूट ली। इस दौरान पशु व्यापारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके पैर में दो गोली मार दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी शुरू कर दी, लेकिन बदमाशों को कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस घायल व्यापारी को शहर के ट्रामा सेंटर में पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अन्यत्र रेफर कर दिया। कसौला थाना पुलिस ने चालक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक सप्ताह में लूट की तीसरी वारदात
दिल्ली-जयपुर हाईवे नंबर आठ पर जिले में लूट की यह तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पूर्व बावल के समीप कैंटर चालक को बंधक बनाकर लूट की कोशिश की गई। इसके साथ ही धारूहेड़ा में लिफ्ट देकर एक कंपनी कर्मचारी से लूट की गई। जबकि पुलिस को दावा है कि हाईवे पर रातभर गश्त की जा रही है। इसके अलावा हाईवे पर करीब छह पुलिस सहायता बूथ भी खोले गए है।
चालक भागमल की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायल का उपचार कराया जा रहा है। बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस ने टीम गठित कर दी है। जल्द ही बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा। -गोविंद, जांच अधिकारी थाना कसौला