रोहतक। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का कहना है कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का विरोध किया, जबकि भाजपा ने आंबेडकर को भारत रत्न दिया। धनखड़ शनिवार को पार्टी कार्यालय में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को लेकर संगोष्ठी के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
धनखड़ ने कहा कि डाॅक्टर भीमराम आंबेडकर के सम्मान में भाजपा ने पंच तीर्थ बनाए हैं। जहां आंबेडकर का जन्म हुआ, ब्रिटेन में जहां उन्होंने शिक्षा ग्रहण की, इसके अलावा जहां अंतिम सांस ली और जहां पर उनकी याद में विरासत को संजोकर रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि आंबेडकर ने हमेशा भारतीय सभ्यता, संस्कृति एवं आदर्श पर काम किया है। आंबेडकर को भारत रत्न वीपी सरकार के समय दिया गया, जब भाजपा सहयोगी पार्टी थी, जबकि कांग्रेस ने संसद में उनका चित्र लगाने से यह कहकर इन्कार कर दिया कि संसद में जगह नहीं है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, जिला प्रभारी सत्येंद्र परमार, प्रदीप जैन, दिनेश घिलौड़, पूर्व विधायक सरिता नारायण, अजय खुंडिया, सुरेश किराड़, महिला निगम पार्षद आशा लता, रिंकू नागर आदि मौजूद रहे।