Haryana: रोहतक PGI में पकड़ा गया 12वीं पास फर्जी डॉक्टर, मरीजों का कर रहा था इलाज
रोहतक के पीजीआई अस्पताल की एमएस ओपीडी में एक फर्जी डॉक्टर को पकड़ा गया, जो इंटर्न डॉक्टर के रूप में इलाज कर रहा था।
विस्तार
पीजीआई रोहतक में वीरवार को फर्जी डॉक्टर बनकर पहुंचा सोनीपत के निजामपुर माजरा का साहद पकड़ा गया। 12वीं पास साहद अपने इंटर्न दोस्त रोहतक के कंसाला गांव के कृष्ण की जगह हड्डी रोग विभाग की माइनर ओटी में ड्यूटी दे रहा था।
पीजीआई में इलाज के लिए आए एक व्यक्ति ने ओपीडी में साहद को पहचान लिया और सीनियर डॉक्टर से कहा कि हमारे गांव का यह लड़का यहां डॉक्टर है। इस पर सीनियर ने संबंधित चिकित्सक को बुलवा लिया। उससे नाम-पता व पहचान पत्र के बारे में पूछा तो आरोपी ने मोबाइल फोन में एप्रेन पहना अपना फोटो दिखाया और सीनियर डॉक्टर को बरगलाने का प्रयास किया।
इसके चलते आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पीजीआई थाना प्रभारी रोशन लाल ने बताया कि साहद के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक दोस्ती में ड्यूटी करने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
संस्थान फर्जी डॉक्टर के मामले को गंभीरता से ले रहा है। इंटर्न की जगह ड्यूटी देने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी गई है। इंटर्न के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में एनएमसी को शिकायत भेजकर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। - डाॅ. वरुण अरोड़ा, निदेशक जनसंपर्क, पीजीआई