शहर के राव अभय सिंह चौक के निकट एक समारोह स्थल में शादी कार्यक्रम में आए गुरुग्राम भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव की कार में एक युवक ने तोड़फोड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उन पर हमला कर दिया और कार के अंदर रखी ढाई लाख रुपये की नकदी भी चोरी कर ले गया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गुरुग्राम के सेक्टर-21 निवासी एवं भाजपा के गुरुग्राम युवा मोर्चा के जिला सचिव पवन यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 नवंबर की रात को वह राव अभय सिंह चौक के निकट स्थित एक समारोह स्थल में शादी कार्यक्रम में आए थे। वह कार पार्किंग में खड़ी कर समारोह स्थल में चले गए। रात करीब 11 बजे वह खाना खा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने आकर बताया कि गांव डूंडाहेड़ा निवासी प्रदीप यादव ने उनकी कार तोड़ दी। वह पार्किंग में पहुंचे तो कार टूटी हुई थी। उन्होंने फोटो और वीडियो बना ली। उन्होंने कार तोड़ने का विरोध किया तो प्रदीप ने मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनके चाचा विरेंद्र यादव, रामअवतार, विजय, सुरेंद्र व नितिन भी आ गए। उन्होंने कार में सामान की जांच की तो अंदर रखे ढाई लाख रुपये भी गायब थे। तोड़फोड़ के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने शिकायत पर प्रदीप के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ करने, धमकी देने व चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।