Rewari News: कंपनी में आग के मलबे में दबे कर्मचारी का मिला शव, राजस्थान के अलवर का रहने वाला था मृतक
हकीम खान की मृत्यु के बाद परिवार पूरा टूट चुका है। परिवार ने मांग की है कि उचित मुआवजा दिया जाए और एक बच्चे को नौकरी दी जाए ताकि गुजर बसर हो सके।
विस्तार
रेवाड़ी के धारूहेड़ा स्थित एक ऑटो कंपनी में आग लगने के बाद मलबे में दबे एक कर्मचारी का शव रविवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद हुआ है। मृतक की पहचान राजस्थान के जिला अलवर के ठेकड़ा का बास मौझपुर निवासी हाकिम खान के रूप में हुई है।
शुक्रवार से ही रेस्क्यू अभियान चल रहा था। दरअसल, शुक्रवार की देर रात अचानक एक ब्लॉक की छत का लेंटर गिर गया था, जिससे शार्ट सर्किट होने से आग लग गई थी। कंपनी के ब्लॉक का हिस्सा ढहने से 5 कर्मचारी घायल हो गए थे, जिनको रेस्क्यू करके निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इनमें से दो कर्मचारियों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है तथा 3 की हालत खतरे से बाहर है। हादसे में एक कर्मचारी हाकिम खान को ढूंढा जा रहा था, जिसका एनडीआरएफ व एचएसडीआरएस की ओर से रेस्क्यू कर रही थी। मलबे में फंसे कर्मचारियों को जल्द निकालने के निर्देश पुलिस अधीक्षक मयंक गुप्ता की तरफ से से दिए गए थे। फिलहाल पूरे मामले की डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह द्वारा निगरानी की जा रही है।
हकीम खान के साढू गफ्फार खान ने बताया कि हकीम 2001 से इस कंपनी में नौकरी कर रहा था। उसके दो बच्चे हैं। हकीम खान की मृत्यु के बाद परिवार पूरा टूट चुका है। परिवार ने मांग की है कि उचित मुआवजा दिया जाए और एक बच्चे को नौकरी दी जाए ताकि गुजर बसर हो सके।