रेवाड़ी। जन, जीवन और जगत के लिए न्याय साक्षरता जागरूकता अभियान एवं जागृति योजना के अंतर्गत एडीआर केंद्र में विधिक साक्षरता कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय तथा संस्कारम विश्वविद्यालय झज्जर के विधि विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, नागरिकों के कानूनी अधिकारों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अधिवक्ता राजीव गुप्ता ने विद्यार्थियों को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। जागरूकता रैली को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. रेनू सोलखे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में विधिक साक्षरता का संदेश पहुंचाने तथा आमजन को उनके कानूनी अधिकारों एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।