युवती की हत्या कर कुएं में फेंका शव
गांव राजपुरा खालसा के निकट एक कुएं से बोरे में लिपटी हुई युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव काफी पुराना होने से शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव राजपुरा निवासी राजपाल बृहस्पतिवार की सुबह खेतों की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उन्हें खालसा रोड पर सड़क किनारे एक कुएं से बदबू आई। उन्होंने कुएं में देखा तो एक बोरी पानी में तैर रही थी। राजपाल ने मामले की जानकारी गांव के सरपंच और अन्य लोगों को दी। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को कुएं से बाहर निकाला। बोरा खोलने पर उसमें एक युवती की लाश मिली। मौके पर सदर एसएचओ ओमप्रकाश भी पहुंच गए। शव की हालत खराब होने के कारण उसका पोस्टमार्टम अब रोहतक पीजीआई में होगा। पुलिस के अनुसार गला दबाकर या किसी हथियार से ही इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले से परदा उठ पाएगा। युवती की उम्र 24 साल बताई जा रही है।
गांवों से कराई जा रही है मुनादी
युवती को आखिर क्यों और किसने मारा, पुलिस इसकी गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा शव की शिनाख्त भी करानी है। इसके लिए राजपुरा और आसपास के गांवों में मुनादी भी कराई गई है। वहीं पुलिस को कुएं के पास से ही कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं।