रेवाड़ी में हादसा: धारूहेड़ा में गाड़ी की टक्कर से स्कूटी सवार चाची-भतीजी की मौत, चालक गिरफ्तार
आरोप है कि गाड़ी चालक ने हादसे के बाद भी गाड़ी नहीं रोकी। 20 मीटर तक मिताली को घसीटता हुआ ले गया।
विस्तार
रेवाड़ी के धारूहेड़ा कस्बे के सोहना रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास बुधवार की शाम स्कार्पियो गाड़ी की टक्कर लगने स्कूटी सवार चाची और भतीजी की मौत हो गई। इस दौरान चालक मौके पर ही कार को छोड़कर भाग निकला। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक की पहचान दिनेश गांव चावंडी जिला अलवर के रूप में हुई है। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार अलवर जिले के कस्बा भिवाड़ी की कजारिया सोसायटी में रहने वाली रानी गुप्ता (40) अपनी भतीजी मिताली गुप्ता (19) के साथ बुधवार देर शाम स्कूटी से धारूहेड़ा में किसी काम से आई थी। जब वह दोनों लौट रहीं थीं तो धारूहेड़ा के रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी पर पीछे रानी गुप्ता बैठी थी और मिताली गुप्ता स्कूटी चला रही थी।
टक्कर लगने बाद रानी गुप्ता 10 फीट दूर जाकर गिर गई थी और मिताली गुप्ता स्कूटी सहित स्कॉर्पियो के अगले हिस्से में फंस गई। इस दौरान आरोपी कार चालक ने हादसे के बाद भी कार को नहीं रोका और करीब 20 मीटर तक मिताली गुप्ता को घसीटता ले गया। उसके बाद वह कार को मौके पर ही छोड़कर भागने लगा। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
भीड़ में ही शामिल रानी गुप्ता के परिवार के पास पहले नौकरी करने वाले नूंह जिले के खोरी गांव निवासी रवि कुमार ने लोगों की मदद से दोनों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें रेफर कर दिया गया।
उसके बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने दोनों को गंभीर अवस्था में रेवाड़ी स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-6 धारूहेड़ा थाना पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर गाड़ी नंबर के आधार पर जांच पड़ताल की। इसके बाद कार चालक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
धारूहेड़ा के सोहना रोड पर सड़क हादसे में चाची व भतीजी की मौत हो गई। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ धारा 279 व 304 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। - इंस्पेक्टर सुरेश चंद, थाना प्रभारी, सेक्टर-6 धारूहेड़ा