रेवाड़ी। शहर की परशुराम कालोनी निवासी एक महिला को पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर एक लाख पांच हजार रुपये ठग लिए। विश्वास में लेने के लिए साइबर ठगों ने पहले महिला के खाते में कुछ राशि भी जमा कर दी। बाद में महिला के खाते से रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रुपये कटने के मैसेज आने के बाद महिला को ठगी के बारे में पता और पुलिस को शिकायत दी।
परशुराम कालोनी निवासी कविता ने कहा कि उन्होंने इंटरनेट पर पार्ट टाइम नौकरी के लिए सर्च किया था। इंटरनेट पर उन्हें एक वाट्सएप नंबर मिला। कविता ने बात की तो कंपनी में नौकरी पाने की प्रक्रिया के बारे में बताया और वाट्सएप पर एक लिंक भेजा। लिंक खोल कर महिला ने कुछ सामान खरीदा और साइबर ठगों ने कुछ रुपये भी महिला को वापस दे दिए। महिला ने दोबारा से प्रयास किया, लेकिन इस बार रुपये वापस नहीं मिले। कुछ समय बाद उनके खाते से रुपये कटने शुरू हो गए। साइबर ठगों ने 12 बार में महिला के खाते से एक लाख पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। यह सारी राशि एप के जरिए ट्रांसफर की गई है। मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर होने के मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का पता लगा और पुलिस को शिकायत दी गई। महिला ने बैंक से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को शिकायत दी। माडल टाउन थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।