रेवाड़ी। रेवाड़ी जिला पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए संपत्ति विरुद्ध जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर मई में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान छीनाझपटी, लूट, डकैती, अपहरण, अपहरण कर फिरौती मांगने, दबाव बनाकर पैसे वसूलने इत्यादि संपत्ति विरुद्ध जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों की हिस्ट्रीशीट, पर्सनल फाइल खोलने, नए अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तार करने, बरामदगी करने व संपत्ति विरुद्ध जघन्य अपराधों में शामिल पीओ, बेल जंपरों व पैरोल जंपरों को गिरफ्तार करने के लिए यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत छीनाझपटी, लूट, डकैती, अपहरण, फिरौती व रंगदारी मांगने के मामलों में शामिल रहे 419 आरोपियों की व्यक्तिगत रूप से जांच की गई और उनके बारे में वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाई गई। 21 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई और जघन्य अपराध में शामिल 25 नए अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान के तहत माह मई में 60 लाख 48 हजार 940 रुपये की लूटी गई संपत्ति को बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त दो देसी पिस्तौल, दो देसी कट्टा, एक एयरगन व एक जिन्दा कारतूस बरामद किया गया है। संगीन अपराध में फरार चल रहे आठ उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।