फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   youth with weapon closed shops

असलहों के बल दुकान बंद कराईं

Fri, 18 Mar 2016 12:37 AM IST
ब्यूरो /अमर उजाला
ब्यूरो /अमर उजाला Updated Fri, 18 Mar 2016 12:37 AM IST
विज्ञापन
youth with weapon closed shops
असलहों के बल पर जबरन मंडी बंद कराई - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। नाईवाली चौक के पास स्थित नई सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार अलसुबह कुछ युवकों ने असलहों के बल पर जबरन मंडी बंद कराई। यही नहीं विरोध करने वाले आढ़तियों, व्यापारियों और दुकानदारों के साथ मारपीट कर उनका सामान भी फेंक दिया। मामले की जानकारी पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तो दुकान बंद कराने वालों ने उनके साथ भी अभद्रता की। बाद में डीएसपी वीरेंद्र सिंह सैनी के नेतृत्व में पहुंचे पुलिस बल ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन


हुआ यूं कि 17 मार्च को प्रदेश बंद के ऐलान को व्यापार संगठन पदाधिकारी स्थगित कर चुके थे। इसी के चलते सुबह से ही शहर की दुकानें खुलनी शुरू हो गई थी। सुबह करीब पांच बजे एक दर्जन से ज्यादा युवक हाथ में असलहे, लाठी-डंडों से लैस होकर नई सब्जी मंडी पहुंचे और व्यापारियों, आढ़तियों को दुकान बंद करने के लिए धमकाना शुरू कर दिया।
विज्ञापन


इस दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध किया तो उन्हें पीटने के साथ ही दुकान का सामान भी फेंक दिया। इस बीच कई दुकानें बंद हो गईं, उधर मामले की जानकारी पर भाड़ावास गेट चौकी इंचार्ज कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता हुई। मामले की जानकारी पर डीएसपी वीरेंद्र सिंह सैनी, सिटी एसएचओ व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और तीन आरोपी युवकों को धर दबोचा।
विज्ञापन
विज्ञापन


हिरासत में लिया गया एक युवक बुधवार को ही हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल से छूटा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी वीरेंद्र सिंह सैनी ने बाद में व्यापारियों से बातचीत कर दुकानें खोलने को कहा लेकिन घटना के बाद दहशत और रोष के चलते व्यापारियों और आढ़तियों ने दुकानें बंद रखीं।

अन्य बाजारों तक फैली दहशत
नई सब्जी मंडी में बवाल की सूचना कुछ ही देर में अन्य बाजार में भी पहुंच गई। शहर के प्रमुख बाजार मोती चौक पर भी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिया। व्यापारियों की दुकान खुलवाने के लिए पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस के आश्वासन के बाद ही व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोली। हालांकि नई सब्जी मंडी में कुछ एक दुकानें छोड़कर अधिकांश बंद ही रहीं।

दबी जुबान व्यापारी बोले: फायर किया, एसआई को भी पीटा
मौके पर मौजूद कुछ व्यापारियों ने दबी जुबान उपद्रवियों की ओर से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। व्यापारियों को कहना है कि दहशत फैलाने के लिए हवा में फायर किए गए थे। इसके अलावा नाम न लेने की शर्त पर यह भी बताया कि उपद्रवियों ने मौके पर पहुंचे भाड़ावास चौकी इंचार्ज से अभद्रता करने के साथ ही हाथापाई भी की थी।  हालांकि पुलिस दोनों ही बातों को नकार रही है।

धारा-144 लागू, कैसे हो गए अराजक तत्व इकट्ठा
बड़ा सवाल यह है कि जाट आरक्षण आंदोलन की चेतावनी के चलते जिले में उपायुक्त ने धारा-144 लगा रखी है। बावजूद इसके इतनी संख्या में अराजक तत्व असलहे लेकर इकट्ठे हो गए और जमकर उत्पात मचाया। लेकिन पुलिस और खूफिया तंत्र को यह जानकारी बहुत बाद में लगी।

रखे रहे फल और सब्जियां, लाखों का नुकसान
आढ़ती और व्यापारियों से जबरन दुकानें बंद कराई गईं। लेकिन दुकान क्यों बंद कराई जा रहीं थीं, इसके बारे में किसी ने नहीं बताया। दुकानदारों के साथ मारपीट भी हुई। नई सब्जी मंडी की लगभग सभी दुकानें बंद रहीं। फल और सब्जियों का उठान न होने से आढ़तियों का लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है।

-हंसराज पोसवाल, प्रधान, सब्जी मंडी आढ़ती यूनियन, रेवाड़ी

-----
मामले की जानकारी पर अल सुबह ही मैं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा था। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपी दुकान क्यों बंद करा रहे थे, इसे लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
वीरेंद्र सैनी, डीएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed